आदित्यपुर : आदित्यपुर-2 स्थित रोड नंबर 18, आजाद मैदान में आदिवासी कल्याण समिति, कुलुपटाँगा के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य आगाज हुआ। इस खेल प्रतियोगिता में आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेन्द्र नारायण सिंह अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। आयोजन समिति एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

मैदान में खिलाड़ियों से रूबरू होकर उनका उत्साहवर्धन करते हुए पुरेन्द्र नारायण सिंह ने कहा कि कोल्हान की धरती हमेशा से खेल प्रतिभाओं से भरी पड़ी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से जमीनी स्तर के होनहार खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और बड़ा मंच पाने का अवसर मिलता है। उन्हें पूरा भरोसा है कि आने वाले दिनों में यहीं से निकलकर कई प्रतिभावान खिलाड़ी राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय युवाओं व खेल प्रेमियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि आजाद मैदान को खेल की आधुनिक सुविधाओं से लैस व विकसित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

वर्ष 1981 से लगातार आयोजित हो रहे इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया है। विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में ₹70,000 व ट्रॉफी, उपविजेता को ₹50,000 व ट्रॉफी तथा तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को ₹25,000-₹25,000 नकद व ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रत्येक मैच में मैन ऑफ द मैच, टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और बेस्ट गोलकीपर को भी विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
ये रहे मौजूद:-
इस अवसर पर वार्ड पार्षद वेदना गोप, पार्षद संगीता सामड, बैजंती बारी, पूर्व पार्षद नायकी हेम्ब्रम, प्रदीप मुखी और सिमरन मेहरा प्रमुख रूप से मौजूद रहीं। वहीं टूर्नामेंट के सफल संचालन में समिति के अध्यक्ष राजू सरदार, उपाध्यक्ष बोंज गोप, सचिव आलोक कैवर्त, सह-सचिव महादेव महतो, मुख्य संरक्षक लाल बाबू सरदार, संरक्षक उमेश महतो, सलाहकार बिरजुपति और कोषाध्यक्ष दिनेश महतो सक्रिय रहे। इसके अलावा सक्रिय सदस्य बबलू सरदार, प्रकाश सरदार, रुशु सरदार, चापू सरदार, सुदाम सरदार सहित सैकड़ों खेल प्रेमी मैदान में मौजूद रहे।








