मनोहरपुर/चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में तीन नाबालिग बच्चियों के कथित अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर 2026 को वादिनी राजवती मारडी, करीब 30 वर्ष, पति सनातन मारडी, निवासी दीपशीला थाना मनोहरपुर, के लिखित आवेदन के आधार पर मनोहरपुर थाना कांड संख्या 38/2026 दर्ज किया गया था। आवेदन में दो अज्ञात युवकों पर तीन नाबालिग बच्चियों को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया गया था।
Adityapur: आशियाना चौक से युवक के अपहरण और फायरिंग की चर्चा, जांच में जुटी पुलिस
वादिनी ने पुलिस को बताया कि तीनों बच्चियों में से दो उसकी बेटियां हैं, जबकि एक बच्ची गांव की रहने वाली है। उसकी दोनों बेटियां 17 सितंबर 2026 की शाम करीब 7 बजे बिना बताए घर से निकल गई थीं। काफी खोजबीन के बावजूद उनका पता नहीं चलने पर परिजनों और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। मनोहरपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों और सशस्त्र बल की टीम ने प्रभारी तकनीकी शाखा के सहयोग से विभिन्न संभावित स्थानों पर छापामारी की।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों नाबालिग बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में संलिप्त बताए जा रहे दो बालकों को विधिवत निरुद्ध किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
छापामारी दल में शामिल
1. थाना प्रभारी, मनोहरपुर
2. पु०अ०नि० विवेक कुमार
3. स०अ०नि० नव किशोर कुड़ादा
4. सशस्त्र बल
नोट: पुलिस प्रेस विज्ञप्ति में घटना को अपहरण के आरोप के रूप में दर्ज किया गया है। आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के दौरान होगी।








