Gamharia (गम्हरिया) : गम्हरिया और आसपास के क्षेत्रों में युवाओं के भविष्य को खोखला कर रहे नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है।
गम्हरिया थाना पुलिस ने गुप्त सूचना और अनुसंधान के आधार पर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्त एक दंपती को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्यपुर थाना अंतर्गत राममढ़ैया बस्ती निवासी अपराधी टून लोहार और उसकी पत्नी इंदिरा लोहार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों लंबे समय से क्षेत्र में ब्राउन शुगर सिंडिकेट से जुड़कर सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।

कांड संख्या 60/26 में नामजद थे दोनों आरोपी
गम्हरिया थाना प्रभारी संजय प्रसाद ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गम्हरिया थाना कांड संख्या 60/26 के तहत दोनों आरोपी नामजद थे और पुलिस लगातार उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश बना रही थी। जांच में स्पष्ट हुआ कि यह दंपती इलाके के छोटे तस्करों और युवाओं तक अवैध नशे की पुड़िया सप्लाई करता था।
पूछताछ में खुला था सिंडिकेट का राज
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में पूर्व में दो युवकों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। रिमांड और पूछताछ के दौरान उन युवकों ने स्वीकार किया था कि वे टून लोहार और उसकी पत्नी से ही नशे की खेप खरीदकर बाजार में खपाते थे। इसी कड़ी को जोड़ते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दंपती को धर दबोचा।
पुराना हिस्ट्रीशीटर है टून लोहार
थाना प्रभारी ने बताया कि टून लोहार का पूर्व से लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी कई संगीन आपराधिक वारदातों में शामिल रहा है और जेल की सजा काट चुका है। जेल से बाहर आने के बाद उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर इस संगठित अवैध धंधे का संचालन शुरू कर दिया था। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा।







