जमशेदपुर: झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास मंत्री संजय प्रसाद यादव रविवार को एक निजी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जमशेदपुर पहुंचे। सर्किट हाउस पहुंचने पर राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया।
आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष सह वरिष्ठ राजद नेता पुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में मंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राजद महानगर अध्यक्ष रमेश राय, उदित यादव, अवधेश कुमार, विनोद शर्मा, कमलेश यादव, अश्विनी यादव, पिंकू सिंह तथा अधिवक्ता संजय कुमार सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे। मंत्री ने उपस्थित कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए उनसे मुलाकात की।
मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री संजय प्रसाद यादव ने स्पष्ट किया कि उनका यह दौरा पूरी तरह निजी है। हालांकि, विभागीय कार्यप्रणाली से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि अगले सप्ताह श्रम एवं नियोजन विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।
उन्होंने संकेत दिए कि इस समीक्षा का सीधा और सकारात्मक प्रभाव जमशेदपुर तथा आदित्यपुर के औद्योगिक क्षेत्रों में देखने को मिलेगा। चूंकि ये दोनों क्षेत्र राज्य की अर्थव्यवस्था और रोजगार की धुरी हैं, इसलिए प्रस्तावित समीक्षा बैठक को लेकर औद्योगिक इकाइयों, श्रमिकों और स्थानीय उद्यमियों की नजरें विभाग के आगामी फैसलों पर टिकी हैं।








