Adityapur: आदित्यपुर: पानी सप्लाई कारोबार में युवती से 3 लाख की ठगी, रकम मांगने पर मिली जान से मारने की धमकी, थाने में लिखित शिकायत दर्ज

आदित्यपुर थाना क्षेत्र

​आदित्यपुर : आदित्यपुर थाना क्षेत्र में व्यापार में मुनाफे का लालच देकर एक युवती से ₹3 लाख की ठगी करने और बकाया मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है।

मामले को लेकर मूल रूप से मानगो व वर्तमान में गम्हरिया स्थित ग्रीन हेरिटेज निवासी नंदिता महतो ने विनायक गार्डन (स्थायी पता: बगानपाड़ा) निवासी अभिजीत पाल के खिलाफ आदित्यपुर थाने में लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है।

​प्रतिमाह मुनाफे का दिया था भरोसा

पीड़िता के अनुसार, अभिजीत पाल के साथ मिलकर उन्होंने पानी टैंकर सप्लाई का संयुक्त व्यवसाय शुरू किया था। इसके तहत उन्होंने आरोपी को कुल ₹3 लाख दिए थे, जिसमें ₹2 लाख ऑनलाइन और ₹1 लाख नकद शामिल थे। समझौते के मुताबिक, इस निवेश के बदले नंदिता को प्रतिमाह ₹53,000 की राशि दी जानी थी और आवश्यकता पड़ने या काम बंद होने पर मूल रकम वापस की जानी थी। शुरुआत के 6 महीने तक भुगतान मिला, लेकिन पिछले दो महीनों से आरोपी ने पैसे रोक दिए और बैंक खाता फ्रीज होने का बहाना बनाने लगा।

​फ्लैट छोड़ हुआ फरार, फोन पर दी धमकी

पीड़िता ने बताया कि 26 तारीख को रकम लौटाने का वादा कर आरोपी ने अचानक कॉल उठाना बंद कर दिया। जब वे 27 तारीख को उसके विनायक गार्डन स्थित फ्लैट पहुंचीं, तो सुरक्षाकर्मियों से जानकारी मिली कि आरोपी परिवार सहित 5 दिन पूर्व ही मकान खाली कर फरार हो चुका है। बाद में दूसरे नंबर से संपर्क करने पर आरोपी ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया और गाली-गलौज करते हुए घर से उठाने व गोली मारने की धमकी दी।

​रेकी करवाने का भी आरोप

युवती ने सुमन घोष नामक एक युवक पर अपनी गतिविधियों की रेकी करवाने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से अपनी गाढ़ी कमाई की रकम वापस दिलाने और आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *