सरायकेला-खरसावां: जिले के कपाली आउटपोस्ट (ओपी) क्षेत्र अंतर्गत बहुचर्चित शब्बीर हत्याकांड में लंबे समय से फरार चल रहे नामजद आरोपी को पुलिस ने अंततः गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़े गए आरोपी को आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद स्थानीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से अदालत के निर्देश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मामले के संबंध में जानकारी साझा करते हुए कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि जनवरी 2025 में अपराधियों ने योजनाबद्ध तरीके से धारदार चाकू से हमला कर शब्बीर की नृशंस हत्या कर दी थी। सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में लिप्त अधिकांश आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
हालांकि, वारदात के बाद से ही एक मुख्य आरोपी लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद फरहान उर्फ फरहान खान (उम्र लगभग 19 वर्ष), पिता स्वर्गीय मुमताज खान, निवासी ताजनगर (मुसल दुकान के समीप), कपाली ओपी क्षेत्र के रूप में हुई है।
ओपी प्रभारी ने बताया कि गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी को धर दबोचा। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और गंभीर अपराधों में संलिप्त फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है।








