Adityapur: आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती फायरिंग कांड का पर्दाफाश: पुलिस ने दो अपराधियों को दबोचा, रुपयों की लूट के इरादे से घर में घुसे थे हथियारबंद बदमाश, सरगना की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी

सरायकेला के आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती में हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा

आदित्यपुर: आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुस्लिम बस्ती में 25 सितंबर की रात हुई गोलीबारी की गुत्थी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। सरायकेला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) अनुभव भारद्वाज ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटना अवैध नकदी लूटने और जानलेवा हमले की सुनियोजित साजिश थी।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के अनुसार, 25 सितंबर की रात करीब 10:00 बजे कल्लू खान के आवास पर शेख अजहरुद्दीन, कादिम खान, प्रकाश चंद्र नायक, डब्लू महतो और दो अन्य अपराधी पहुंचे थे।

प्राथमिक अभियुक्त अजहरुद्दीन वादी कल्लू खान का रिश्तेदार व परिचित है। अपराधियों को सूचना थी कि घर में भारी मात्रा में नकदी रखी है। करीब एक घंटे तक बातचीत का नाटक करने के बाद उन्होंने लूटपाट की नीयत से जानलेवा हमला कर दिया। इसी दौरान चलाई गई गोली अब्दुल जाफर के सिर को छूते हुए निकल गई। घायल अब्दुल जाफर को तत्काल टीएमएच जमशेदपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

सरायकेला के आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती में हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा

 

​घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए ओडिशा निवासी प्रकाश चंद्र नायक को पकड़ लिया। भीड़ की पिटाई में घायल प्रकाश को पुलिस ने हिरासत में लेकर एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, प्रकाश चंद्र नायक (धड़ाई बांधा, नयागढ़, ओडिशा) हत्या और डकैती के मामलों में उम्रकैद की सजा काट चुका है।

​एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में गठित विशेष टीम—जिसमें आदित्यपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अंजनी कुमार, एसआई विक्रमादित्य पाण्डेय, एसआई हीरालाल कुमार, एसआई असलम अंसारी व सशस्त्र बल शामिल थे—ने ओडिशा के मयूरभंज (जशीपुर) में छापेमारी कर 19 वर्षीय डब्लू महतो उर्फ पद्मलोचन मोहंता को गिरफ्तार किया। मामले में बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर मुख्य आरोपी अजहरुद्दीन और कादिम खान की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी जारी है।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *