आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत आदित्यपुर बस्ती के सी एवं डी रोड में वर्षों से बनी गंभीर पेयजल समस्या का आखिरकार समाधान हो गया है।
लंबे समय से पाइपलाइन जलापूर्ति की मांग को लेकर भटक रहे क्षेत्रवासियों के घरों तक अब नल से पानी पहुंचने लगा है। जलापूर्ति बहाल होने पर बस्ती के नागरिकों व प्रबुद्ध बुजुर्गों ने मंगलवार को नगर निगम के डिप्टी मेयर अंकुर सिंह के कार्यालय पहुंचकर उनका भव्य स्वागत व अभिनंदन किया।
डिप्टी मेयर की तत्परता से पूरा हुआ कार्य
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि वर्ष 2021 से वे लगातार जलापूर्ति की मांग को लेकर अधिकारियों के चक्कर काट रहे थे। हाल ही में पदभार संभालने के बाद डिप्टी मेयर अंकुर सिंह के समक्ष जब यह परेशानी रखी गई, तो उन्होंने मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। डिप्टी मेयर ने कार्यदायी संस्था जिंदल एजेंसी के अधिकारियों पर कड़ा दबाव बनाया और कड़े निर्देश देकर अलग से कनेक्शन स्थापित करवाते हुए सी व डी रोड में पाइपलाइन पेयजल आपूर्ति सामान्य कराई।

कार्यालय पहुंचे नागरिकों ने कराया मुंह मीठा
घरों में पानी पहुंचने से उत्साहित बस्तीवासी मंगलवार को डिप्टी मेयर कार्यालय पहुंचे। स्थानीय नागरिक सपन पाल सहित अन्य बुजुर्गों ने डिप्टी मेयर अंकुर सिंह को पुष्प भेंट किए और मिठाई खिलाकर आभार प्रकट किया। लोगों ने कहा कि लंबे समय बाद जनप्रतिनिधि की सकारात्मक पहल का जमीनी असर देखने को मिला है।

सफाई और स्ट्रीट लाइट का भी मिला ठोस आश्वासन
मुलाकात के दौरान बस्तीवासियों ने डिप्टी मेयर को क्षेत्र में नियमित कचरा गाड़ी के न आने, ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव के अभाव और खराब स्ट्रीट लाइटों की समस्याओं से भी अवगत कराया। इस पर डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने नागरिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जलापूर्ति में बची तकनीकी खामियों को पूरी तरह दुरुस्त कराया जा रहा है तथा स्वच्छता व स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याओं पर भी शीघ्र ठोस कार्रवाई कर समाधान निकाला जाएगा।








