Adityapur:दुर्गा पूजा को लेकर आदित्यपुर में प्रशासन मुस्तैद: सुरक्षा, सुगम यातायात और पार्किंग के लिए नगर आयुक्त ,डीटीओ समेत पुलिस अधिकारियों ने किया संयुक्त निरीक्षण

दुर्गा पूजा आदित्यपुर

आदित्यपुर: दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, निर्बाध यातायात और सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय हो गया है।

इसी क्रम में नगर आयुक्त एजाज अनवर (आदित्यपुर नगर निगम), जिला परिवहन पदाधिकारी शंकराचार्य सामद यातायात निरीक्षक राजू आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार सिंह एवं अन्य संबंधित विभागीय अधिकारियों ने आदित्यपुर क्षेत्र के प्रमुख पूजा पंडालों व संवेदनशील मार्गों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया।

दुर्गा पूजा आदित्यपुर

​निरीक्षण के दौरान अधिकारियों के दल ने अत्यधिक भीड़भाड़ वाले संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों और पंडालों के संपर्क मार्गों का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग, रूट डायवर्जन और आपातकालीन निकास मार्गों को लेकर बिंदुवार समीक्षा की गई। पूजा के दौरान मुख्य सड़कों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए उपयुक्त खुले स्थानों को चिन्हित कर अस्थायी पार्किंग स्थल बनाने का निर्णय लिया गया।

​नगर आयुक्त एवं डीटीओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पंडालों के आसपास अवैध पार्किंग और अनधिकृत वेंडिंग पर सख्त रोक रहेगी। भारी वाहनों के प्रवेश पर समयबद्ध प्रतिबंध तथा प्रमुख मोड़ पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस बल की तैनाती का खाका तैयार किया गया है। अधिकारियों ने पूजा समितियों से भी समन्वय स्थापित कर पर्याप्त स्वयंसेवकों की तैनाती और सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

​प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आमजनों की सुरक्षा व सहूलियत सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के भक्तिभाव से उत्सव मना सकें।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *