आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह के पिता स्वर्गीय कॉमरेड सत्य नारायण सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में आगामी 5 अक्टूबर को एक गरिमामयी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर परिवारजनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी जाएगी।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम से पूर्व पूरे विधि-विधान के साथ स्व. सत्य नारायण सिंह के पुत्र पंकज कुमार सिंह एवं पुत्रवधू अस्मिता कुमारी द्वारा पूजा-अर्चना संपन्न कराई जाएगी। इसके उपरांत उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
पिता के योगदान और स्मृतियों को साझा करते हुए पुरेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि स्व. कॉमरेड सत्य नारायण सिंह सदैव आम जनता के अधिकारों के लिए समर्पित रहे, जिसके चलते समाज में उन्हें ‘जनवादी’ की संज्ञा दी गई थी। वे वरिष्ठ नेता स्वर्गीय राम छवि सिंह के प्रमुख सहयोगियों में से एक थे।
देश में आपातकाल (इमरजेंसी) के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के संघर्ष में वे 10 दिनों तक सरायकेला जेल में भी बंद रहे थे। उन्होंने कहा कि स्व. सत्य नारायण सिंह अपने प्रगतिशील विचारों, जनसेवा और संघर्षशील जीवन के लिए हमेशा याद किए जाएंगे।
आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने और इसे सफल बनाने में एस.एन. यादव, अधिवक्ता संजय कुमार, देव प्रकाश, मिथिलेश कुमार झा, कुमार बिपिन बिहारी प्रसाद तथा सिमरन मेहरा प्रमुख रूप से जुटे हुए हैं।








