आदित्यपुर: शारदीय नवरात्र एवं दुर्गा पूजा के मद्देनजर सरायकेला-खरसावां जिले के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने सोमवार शाम आदित्यपुर क्षेत्र के प्रमुख पूजा पंडालों का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।
एसपी ने आदित्यपुर एम-टाइप स्थित ‘प्रवीण सेवा स्मृति संस्थान’ द्वारा बनाए जा रहे भव्य पूजा पंडाल का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के सुगम प्रवेश एवं निकास (एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स) और भीड़ नियंत्रण को लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इससे पहले एसपी ने जयप्रकाश उद्यान तथा हातिल फर्नीचर के पास प्रस्तावित दुर्गा पूजा पार्किंग स्थलों की स्थिति भी देखी, ताकि त्योहार के दौरान जाम की समस्या न हो।

सीसीटीवी से होगी निगरानी, नगर निगम के साथ समन्वय:
निरीक्षण के उपरांत मीडिया से बातचीत में पुलिस अधीक्षक मनोज
स्वर्गियारी ने कहा कि जमशेदपुर से सटे प्रमुख पूजा पंडालों से निरीक्षण की शुरुआत की गई है। उन्होंने बताया कि पार्किंग स्थलों पर समुचित लाइटिंग, बैरिकेडिंग और वाहनों की सुरक्षित व्यवस्था के लिए नगर निगम के पदाधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से कार्य किया जा रहा है। सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए पूर्व से लगे कैमरों के अलावा संवेदनशील मार्गों और पंडाल के आसपास अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, ताकि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा सके।
प्रकृति और दिव्यता का संगम होगा पंडाल: पूर्व विधायक
संस्थान के संरक्षक सह पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने बताया कि समिति द्वारा सरकारी गाइडलाइंस और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल, शौचालय और प्राथमिक सुरक्षा के समुचित प्रबंध किए गए हैं। इस बार पंडाल का प्रारूप बेहद अनूठा है, जिसमें प्रकृति, पहाड़, जीव-जंतुओं के साथ-साथ मां काली के विभिन्न रूपों की अलौकिक झलक देखने को मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान सरायकेला एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज, आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार, ट्रैफिक प्रभारी राजू और पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार सहित पूजा समिति के कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।








