आदित्यपुर (सरायकेला-खरसावां): यादव समन्वय समिति, कोल्हान के तत्वावधान में शनिवार को गायत्री शिक्षा निकेतन, आदित्यपुर में वरिष्ठ समाजसेवी स्वर्गीय श्रीनिवास यादव की स्मृति में एक शोक सह श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष श्री राज किशोर यादव ने की।
उल्लेखनीय है कि स्व. श्रीनिवास यादव का निधन विगत 6 अक्टूबर को हो गया था। वे लंबे समय से क्षेत्र की विभिन्न सामाजिक व जनकल्याणकारी संस्थाओं से जुड़कर निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा में समर्पित रहे। सभा में उपस्थित सभी गणमान्य लोगों एवं सदस्यों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्व. श्रीनिवास यादव का निधन समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनका सरल, सौम्य, मिलनसार और परोपकारी व्यक्तित्व आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। समिति ने शोकसंतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से समिति के संरक्षक श्री सत्यप्रकाश सुधांशु, महामंत्री श्री राम यादव, वरिष्ठ सदस्य श्री एस. एन. यादव, श्री एस. एन. सिंह, श्री बीरेंद्र यादव, श्री राजेश कुमार, श्री कृष्णा जी, श्री सकलदेव जी, स्व. श्रीनिवास यादव के सुपुत्र श्री राहुल जी, श्री शंभू जी, श्री गणेश राय जी और श्री सिमरन जी सहित समाज के अनेक प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। अंत में सभी ने शोकाकुल परिजनों को यह दुख सहन करने का संबल प्रदान करने हेतु ईश्वर से प्रार्थना की।








