आदित्यपुर : शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर रविवार को आदित्यपुर के हरिओमनगर में श्रद्धा, आस्था और उल्लास का अनूठा माहौल देखने को मिला। माँ भवानी यूथ क्लब दुर्गा पूजा समिति द्वारा कलश स्थापना के शुभ अवसर पर विधि-विधान के साथ एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई।
कलश यात्रा का शुभारंभ 6 एलएफ दुर्गा पूजा मैदान से हुआ। पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित बड़ी संख्या में श्रद्धालु माथे पर मंगल कलश धारण कर कतारबद्ध होकर निकले। यह शोभायात्रा क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होते हुए नगीनापुरी स्थित चित्रकूट घाट पहुंची। वहां पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पवित्र जल भरा गया और यात्रा पुनः पूजा पंडाल परिसर लौटी। पूरे यात्रा मार्ग में मां दुर्गा के जयकारों और भक्ति भजनों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने मां भगवती से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की मंगल कामना की।

हांडी पंडाल रहेगा विशेष आकर्षण का केंद्र
समिति ने जानकारी दी कि इस वर्ष श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ विशेष रूप से निर्मित भव्य हांडी प्रारूप का पंडाल तैयार किया जा रहा है, जो पूरे क्षेत्र में आकर्षण का मुख्य केंद्र होगा। पंडाल निर्माण एवं संपूर्ण व्यवस्था का संचालन समिति के अध्यक्ष अंबुज कुमार, चेयरमैन हरेंद्र तिवारी और महासचिव सुभाष चंद्र बोस के नेतृत्व में चल रहा है। इस आयोजन को सफल बनाने में वीरेंद्र यादव, प्रभु यादव, प्रवीण पांडेय, उज्ज्वल कुमार, पंकज स्वर्णकार, सिद्धेश्वर उपाध्याय, दारा सिंह, गोपाल सिंह, विनोद सिंह, रामाशंकर पांडेय एवं रंजीत कुमार सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि आयोजन का मूल उद्देश्य धार्मिक परंपराओं को सहेजने के साथ समाज में आपसी भाईचारा, एकता और सांस्कृतिक सद्भाव को सुदृढ़ करना है। अंत में समिति ने सभी श्रद्धालुओं व क्षेत्रवासियों के प्रति आभार प्रकट करते हुए सपरिवार पूजा में सम्मिलित होने की अपील की।








