तीन महीने में स्पीडी ट्रायल, आरोपी पुलिसकर्मी की बर्खास्तगी और थानों में सातों दिन महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग
गम्हरिया (सरायकेला-खरसावां)। गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ कथित दुष्कर्म की गंभीर घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविवार, 1 नवंबर को भाजपा प्रदेश कमेटी के निर्देशानुसार पार्टी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी को मांग पत्र सौंपकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

गम्हरिया थाना प्रभारी बने इंस्पेक्टर राजेश टुडू, एसपी की सख्त कार्रवाई के बाद संभाली कमान
प्रदर्शन में पूर्व सांसद गीता कोड़ा भी शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला। गीता कोड़ा ने कहा कि हेमंत सरकार निकम्मी सरकार है। सरकार एक ओर मंईयां सम्मान योजना के जरिए महिलाओं के सम्मान की बात करती है, वहीं दूसरी ओर उसके कार्यकाल में महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
भाजपा जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं। पार्टी ने मांग की कि मामले का तीन महीने के भीतर स्पीडी ट्रायल कराकर पीड़िता को जल्द न्याय दिलाया जाए। इसके अलावा आरोपी पुलिसकर्मी को तीन दिनों के भीतर सेवा से बर्खास्त करने की मांग की गई।
ज्ञापन में जिले की विधि-व्यवस्था दुरुस्त करने और सभी थानों में सातों दिन महिला पुलिसकर्मियों की अनिवार्य तैनाती सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि थाने जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली जगह पर इस तरह की घटना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। महिला सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। पार्टी ने चेतावनी दी कि दोषियों पर कठोर कार्रवाई और पीड़िता को न्याय मिलने तक इस मुद्दे को उठाया जाता रहेगा।








One Response