सरायकेला एसपी के निर्देश पर शेरे पंजाब चौक समेत मुख्य मार्गों पर निकला पैदल मार्च; सड़क किनारे शराबखोरी और अड्डाबाजी पर दी सख्त चेतावनी
आदित्यपुर: धनतेरस और दीपावली के पावन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से आदित्यपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है।

सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गायारि के दिशा-निर्देशानुसार शुक्रवार रात आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार दल-बल के साथ स्वयं सड़कों पर उतरे और सघन चेकिंग अभियान चलाया।
त्योहारी सीजन में बाजारों में उमड़ने वाली भारी भीड़ के मद्देनजर पुलिस ने आदित्यपुर मुख्य सड़क, शेरे पंजाब चौक तथा आसपास के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में पैदल गश्त (फ्लैग मार्च) की। इस दौरान पुलिस की पहली प्राथमिकता मुख्य मार्ग पर सुगम व निर्बाध यातायात व्यवस्था बहाल करना रही, ताकि खरीदारी करने आए आम नागरिकों और दुकानदारों को जाम की समस्या से न जूझना पड़े।
थाना प्रभारी ने सड़क किनारे लगने वाली अवैध अड्डाबाजी और खुले में शराब पीने वालों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। शेरे पंजाब चौक के निकट संदिग्ध स्थानों की पड़ताल करते हुए हुड़दंगियों को कड़ा संदेश दिया गया कि सार्वजनिक स्थलों पर शांति भंग करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा।
थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा रही है। उन्होंने आमजन से शांति व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।








