Adityapur: नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज को NMC से मिली 20 PG सीटों की मान्यता, चेयरमैन एमएम सिंह बोले- आदित्यपुर और कोल्हान के लिए ऐतिहासिक क्षण

आदित्यपुर: चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एनएसएमसीएच) ने एक बड़ा मुकाम हासिल किया है। नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) ने संस्थान के आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, उच्चस्तरीय फैकल्टी और अस्पताल प्रबंधन के निरीक्षण के बाद पांच प्रमुख क्लिनिकल विभागों में स्नातकोत्तर (पीजी) की कुल 20 सीटों को मंजूरी दे दी है।

 

एनएमसी द्वारा स्वीकृत सीटों के तहत सभी पांच विभागों में 4-4 सीटें आवंटित की गई हैं। इनमें एमडी जनरल मेडिसिन, एमएस जनरल सर्जरी, एमडी रेडियो डायग्नोसिस, एमएस ऑब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी (स्त्री एवं प्रसूति रोग) और एमडी एनेस्थीसियोलॉजी शामिल हैं। एमबीबीएस मान्यता के महज एक वर्ष के भीतर सभी अनुशंसित 20 सीटों पर एक साथ स्वीकृति मिलना बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

प्रेस वार्ता में नेताजी सुभाष ग्रुप के चेयरमैन मदन मोहन सिंह (एम. एम. सिंह) ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि कॉलेज को पहले 200 एमबीबीएस सीटों की अनुमति मिली थी, जो शत-प्रतिशत भर चुकी हैं। इसके बाद पांच प्रमुख ब्रांचों में 20 पीजी सीटों के लिए आवेदन किया गया था, जिसे एनएमसी ने बिना किसी कटौती के पूर्ण मंजूरी दी है।

चेयरमैन ने कहा कि 60 वर्ष पुराने एमजीएम में 45 सीटें हैं और अन्य संस्थानों में अभी पीजी शुरू नहीं हुआ है, ऐसे में दो वर्षों में यह उपलब्धि पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय चिकित्सकों, शिक्षकों व कर्मचारियों को दिया। इस फैसले से कोल्हान के छात्रों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सा शिक्षा मिलेगी और अस्पताल में 24 घंटे सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों की मौजूदगी से मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *