आदित्यपुर: एस टाइप मैदान में 8 नवंबर से सजेगा मां काली का भव्य दरबार, भजन संध्या व कवि सम्मेलन होंगे मुख्य आकर्षण

आदित्यपुर : आदित्यपुर स्थित एस टाईप मैदान में ‘श्रीश्री सार्वजनिक काली पूजा समिति’ (संदर्भ सेवा संकल्प समिति) के तत्वावधान में इस वर्ष भी वार्षिक काली पूजोत्सव अत्यंत श्रद्धा, गरिमा और उल्लास के साथ आयोजित किया जा रहा है।

 

महोत्सव को भव्य स्वरूप देने के लिए पूजा पंडाल, आकर्षक विद्युत सज्जा और अन्य तैयारियां अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

आयोजन की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश मेहता ने प्रेस वार्ता में बताया कि वर्ष 2008 से इस स्थान पर प्रति वर्ष सामाजिक समरसता और भक्तिपूर्ण माहौल में पूजा समारोह का आयोजन किया जाता रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 8 नवंबर की रात्रि पारंपरिक वैदिक विधि-विधान व मंत्रोच्चार के बीच मां काली की विशेष पूजा-अर्चना संपन्न होगी। इसके उपरांत, 9 नवंबर को शाम 6:30 बजे से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं संगीतमय भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसके पश्चात उपस्थित मातृभक्तों के बीच महाभोग का वितरण होगा।

महोत्सव के तीसरे दिन, 10 नवंबर को शाम 6:30 बजे से गरिमामय कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसी मंच पर समाज के वरिष्ठ अभिभावकों और समर्पित कार्यकर्ताओं के योगदान को सराहते हुए उन्हें सम्मानित किया जाएगा, जिसके बाद महाप्रसाद का वितरण होगा। समिति ने क्षेत्र के समस्त नागरिकों से सपरिवार इस पावन धार्मिक अनुष्ठान में सम्मिलित होने का आग्रह किया है।

 

प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से सामाजिक कार्यकर्ता संजीव सिंह बबुआ, पूजा कमिटी के महासचिव अधिवक्ता संजीव कुमार, उपाध्यक्ष राजा घोष, हेमंत कुमार ठाकुर, मोहन तिवारी, टुनटुन, हर्षवर्द्धन एवं सीमा तिवारी उपस्थित थे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *