आदित्यपुर (Adityapur): आदित्यपुर के जागृति मैदान में मंगलवार को श्री श्री सार्वजनिक काली पूजा समिति की ओर से भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। भोजपुरी और मगही संगीत जगत के लोकप्रिय गायक गुंजन सिंह और अभिषेक सिंह की शानदार प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। दोनों कलाकारों के लोकप्रिय गीतों पर श्रोता देर रात तक झूमते रहे। पूरा मैदान तालियों, संगीत और दर्शकों के उत्साह से गूंजता रहा।

कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सरायकेला विधायक चंपाई सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर अंकुर सिंह विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। समिति की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया।
गुंजन सिंह के लोकप्रिय गीतों पर झूमे दर्शक
मंच पर पहुंचे भोजपुरी गायक गुंजन सिंह ने अपने चर्चित गीतों की प्रस्तुति से दर्शकों को खूब झुमाया। उनके लोकप्रिय गाने ‘मरून कलर सड़िया’, ‘पिस्टल पे लहंगा’ और ‘ए राजा जाई ना बहरिया’ की धुन बजते ही मैदान में मौजूद संगीत प्रेमी उत्साह से झूम उठे। दर्शकों ने तालियों और शोर के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
वहीं गायक अभिषेक सिंह ने भी अपनी सुरीली आवाज और ऊर्जावान अंदाज से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उनकी एक के बाद एक प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया।
देर रात तक चला सांस्कृतिक कार्यक्रम
काली पूजा के अवसर पर आयोजित इस भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और संगीत प्रेमी शामिल हुए। भोजपुरी और मगही संगीत के संगम ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों के बीच दर्शकों का उत्साह लगातार बना रहा और जागृति मैदान देर रात तक संगीत की धुनों से गुलजार रहा।








