Chaibasa (चाईबासा) : पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर प्रखंड अंतर्गत मोंगरा गांव में बुधवार को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया। गांव के फुटबॉल मैदान के समीप सड़क किनारे आयोजित समारोह में जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकू ने अतिथियों के साथ संयुक्त रूप से फीता काटकर प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान पूरा परिसर ‘धरती आबा बिरसा मुंडा अमर रहें’ के नारों से गूंज उठा।

प्रतिमा की स्थापना विधायक सोनाराम सिंकू ने अपने निजी खर्च से कराई है। बिरसा उलगुलान संघर्ष समिति, मोंगरा की मांग पर यह पहल की गई। समिति की ओर से आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, कांग्रेस कार्यकर्ता, मानकी-मुंडा और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत हो साहित्यकार एवं कवि डोबरो बुड़ीउली के कविता पाठ और हो गीत की प्रस्तुति से हुई। उन्होंने कहा कि मोंगरा में धरती आबा की आदमकद प्रतिमा स्थापित होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। भगवान बिरसा मुंडा आदिवासी अस्मिता, संघर्ष और स्वतंत्रता आंदोलन के प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने अपनी कविता के माध्यम से विल्किंसन रूल, छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम (CNT Act) और पेसा कानून जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि विधायक सोनाराम सिंकू ने कहा कि धरती आबा बिरसा मुंडा की प्रतिमाएं हर क्षेत्र में स्थापित होनी चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा ले सकें। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों और जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ संघर्ष कर आदिवासी समाज की जमीन और पहचान की रक्षा की थी।
विधायक ने कहा कि बिरसा मुंडा के साथ-साथ पोटो हो, बाड़ाए हो, नारा हो, खरसावां गोलीकांड और सेरेंगसिया विद्रोह जैसे ऐतिहासिक संघर्षों को भी नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने अपनी संस्कृति, भाषा और लोक परंपराओं को संरक्षित रखने की अपील की।
विधायक को साहित्यकार ने किया सम्मानित
समारोह के दौरान हो साहित्यकार डोबरो बुड़ीउली ने अपनी स्वरचित कविता संग्रह पुस्तिका भेंट कर विधायक सोनाराम सिंकू को सम्मानित किया। वहीं सतीश सामड ने उन्हें बनम भेंट किया। विधायक ने बनम बजाकर हो गीत की प्रस्तुति भी दी। कार्यक्रम के समापन पर ऑर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया।

ये रहे मौजूद
समारोह में एसडीपीओ रफायल मुर्मू, जगन्नाथपुर थाना प्रभारी टिंकू दास, हो साहित्यकार डोबरो बुड़ीउली एवं बागुन बोदरा, विपिन सिंकू, कमिल केराई, हसलुद्दीन खान, रेशमा सिंकू, चंद्रशेखर दास, ललिता कुमार दोराईबुरू, मंजीत कुमार प्रधान, सतीश सामड, विपिन लागुरी, सिकुर गोप, सूरज मुखी, राजू पान, विक्रम हेंब्रम, मकरध्वज सरदार, विश्वनाथ हेंब्रम, सोमनाथ सिंकू, अंकुरा सिंकू, राजू हेंब्रम, मथुरा लागुरी, सागर लागुरी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
http://धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के प्रतिमा पर किया गया माल्यार्पण







