कुचाई के जंबरो गांव में वारदात से सनसनी, हत्या में प्रयुक्त चाकू और कुल्हाड़ी बरामद; पुलिस हर पहलू से कर रही
सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना क्षेत्र अंतर्गत जंबरो गांव में एक आदिवासी महिला की नृशंस हत्या का मामला सामने आया है। 47 वर्षीय विश्वासी सोय की हत्या के बाद शव के साथ कथित रूप से अमानवीय क्रूरता किए जाने की बात सामने आई है। आरोप है कि हत्यारे ने महिला के शरीर के कुछ हिस्सों का मांस निकालकर कढ़ाई में पकाने का प्रयास किया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
आदित्यपुर: सतबहनी में काली पूजा पंडाल के पास युवक की गोली मारकर हत्या, इलाके में सनसनी

जानकारी के अनुसार, मंगलवार (11 नवंबर) की शाम गांव में आयोजित स्थानीय हॉकी प्रतियोगिता के दौरान विश्वासी सोय ने परिवार के भरण-पोषण के लिए हड़िया का स्टॉल लगाया था। आरोप है कि इसी दौरान गांव का 54 वर्षीय पैलेस मुंडा वहां पहुंचा और हड़िया पीने के बाद महिला को जबरन अपने घर ले गया।
देर रात तक विश्वासी सोय के घर नहीं लौटने पर उनके पति निर्मल सोय उनकी तलाश में निकले। रात करीब 12 बजे घर के समीप ही महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। शव की स्थिति देखकर परिजन और ग्रामीण स्तब्ध रह गए। मृतका के पति ने पैलेस मुंडा पर हत्या के बाद शव के साथ बर्बरता करने का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पैलेस मुंडा को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। दलभंगा ओपी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
कुचाई थाना प्रभारी रविंद्र सिंह मुंडा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हत्या में प्रयुक्त चाकू और कुल्हाड़ी समेत अन्य सामान बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि महिला के शरीर के कुछ हिस्सों से मांस निकालकर कढ़ाई में रखने और पकाने का प्रयास किए जाने की बात सामने आई है। इस पहलू की भी पुलिस जांच कर रही है।
फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग
घटना की चौतरफा निंदा हो रही है। आदिवासी कोल्हान सेवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु बानरा ने गहरा दुख जताते हुए प्रशासन से आरोपी के खिलाफ फास्ट-ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाने और कठोरतम सजा दिलाने की मांग की है।
वहीं, सरायकेला जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि समाज में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सरकार की ओर से चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों को जिला प्रशासन को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाना चाहिए।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
http://चाईबासा में आठ वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के बाद पत्थर से कुचलकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार








