आदित्यपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर आदित्यपुर स्थित सालडीह माँझीटोला छठ घाट पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

पूर्व डिप्टी मेयर सह भाजपा नेता अमित सिंह बॉबी ने घाट का निरीक्षण करने के बाद श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पूरी तरह बेफिक्र होकर छठ घाट पर आएं, क्योंकि व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए हर संभव इंतजाम किए गए हैं।
करीब डेढ़ से दो किलोमीटर के दायरे में फैले इस विशाल छठ घाट पर इस बार साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया है। नदी के पानी से लेकर घाट के रास्तों तक की गहन सफाई और मरम्मत कार्य पूरा कर लिया गया है, ताकि किसी भी व्रती के पैरों में कंकड़ न चुभे। रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था के लिए नदी क्षेत्र में 12 से 13 लाइट टावर लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त, महिला व्रतियों की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम बनाए गए हैं और यातायात व्यवस्था को सुगम रखने के लिए व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा दी गई है, जिससे किसी प्रकार की अफरातफरी न हो।

सुरक्षा के मद्देनजर छठ घाट पर छह कुशल गोताखोरों की तैनाती की गई है। वहीं, सेवा भाव के तहत सुबह के अर्घ्य के समय श्रद्धालुओं के लिए चाय, पानी, दातून और अर्पण हेतु दूध की निःशुल्क व्यवस्था भी की जाएगी। अमित सिंह बॉबी ने कहा कि छठी मैया की सेवा से बड़ा कोई कार्य नहीं है और उनकी टीम हर समय श्रद्धालुओं की सहायता के लिए तत्पर रहेगी।
इस पूरे व्यवस्था को सफल बनाने में अजय महतो भंडारी, पवन महतो, स्वप्न कुमार दास, पिंटू गोराई, मिथलेश सिंह, अमितेश सिंह, सुलेमन यादव और नील पद्मा विश्वास सहित कई स्थानीय कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।








