रोड नंबर 7 और कुलूपटाँगा छठ घाट पर घंटों डटे रहे थाना प्रभारी, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग और गोताखोरों की रही विशेष व्यवस्था
आदित्यपुर : लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए आरआईटी पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद नजर आई।

आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पाराशर ने स्वयं घाट में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग और ट्रैफिक नियंत्रण की कमान संभाली।
छठ महापर्व के दौरान थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रमुख छठ घाटों, विशेष रूप से रोड नंबर 7 एवं कुलूपटाँगा छठ घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या जाम की स्थिति से बचने के लिए थाना प्रभारी रविकांत पाराशर घंटों तक घाटों और मुख्य मार्गों पर डटे रहे। उन्होंने न केवल खुद खड़े होकर ट्रैफिक का सुचारू संचालन कराया, बल्कि वाहनों के लिए निर्धारित स्थलों पर व्यवस्थित पार्किंग भी सुनिश्चित की, जिससे छठ व्रतियों और उनके परिजनों को घाट तक पहुँचने में कोई असुविधा न हो।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से घाटों पर चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी। असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई थी। इसके अतिरिक्त, नदी में किसी भी संभावित अप्रिय घटना या दुर्घटना से निपटने के लिए थाना प्रभारी के निर्देश पर प्रशिक्षित गोताखोरों की टीम को भी छठ घाटों पर मुस्तैद रखा गया था। पुलिस प्रशासन की इस सक्रियता और संवेदनशीलता की स्थानीय लोगों और छठ व्रतियों ने जमकर सराहना की।









One Response