Chaibasa (चाईबासा) : पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित 33वीं एसआर रूंगटा बी-डिविजन क्रिकेट लीग 2026-27 में जीएंडएस क्लब बड़ाजामदा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राइवल क्लब गुवा को 72 रनों से पराजित कर दिया।

चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए 30-30 ओवरों के मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जीएंडएस क्लब की टीम ने निर्धारित 30 ओवर में 10 विकेट खोकर 189 रन बनाए। टीम की ओर से रुतुराज मोहंती ने 42 गेंदों पर 45 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल थे। वहीं अभय प्रधान ने महज 18 गेंदों पर चार छक्के और एक चौके की मदद से 28 रन बनाए। अर्पित डी. महांता ने 32 गेंदों पर 28 रन, जबकि ओम अर्जुन यादव ने 41 गेंदों पर नाबाद 25 रन का योगदान दिया।
राइवल क्लब की ओर से मनीष करुआ और निकेत सिंह ने तीन-तीन विकेट लेकर विपक्षी टीम की रन गति पर अंकुश लगाने का प्रयास किया। प्रशांत गोप और राज लकड़ा को भी एक-एक विकेट मिला।
190 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राइवल क्लब गुवा की टीम जीएंडएस क्लब के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 21.4 ओवर में 117 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। ललित तांती ने 27 गेंदों पर 39 रन और निकेत सिंह ने 40 गेंदों पर 38 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत दिलाने में सफल नहीं हो सके।
जीएंडएस क्लब की जीत में सरोज कुमार महतो की गेंदबाजी निर्णायक रही। उन्होंने 17 रन देकर चार विकेट झटके। शुभम ओझा ने 15 रन देकर तीन विकेट हासिल किए, जबकि रुतुराज मोहंती को दो विकेट मिले।
इस तरह जीएंडएस क्लब बड़ाजामदा ने 72 रनों से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
लीग के अगले मुकाबले में बुधवार को चाईबासा क्रिकेट क्लब और देवेंद्र माझी क्रिकेट क्लब, चक्रधरपुर के बीच भिड़ंत होगी।







