आदित्यपुर कल्पनापुरी श्मशान घाट हत्याकांड का खुलासा: पुराने विवाद में दोस्त ने ही रची थी हत्या की साजिश, दो गिरफ्तार

हत्या के बाद आरोपियों ने बनाया था वारदात का वीडियो; पुलिस ने खून से सने कपड़े व मोबाइल किए बरामद, मुख्य आरोपी फरार

आदित्यपुर (Adityapur): सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित कल्पनापुरी श्मशान घाट मैदान में मंगलवार की दोपहर हुए 20 वर्षीय युवक निखिल कुमार डे हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने महज चंद घंटों में सुलझा ली है

आदित्यपुर के कल्पनापुरी जंगल में युवक की बोतल से पीट-पीटकर हत्या, पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को दबोचा

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त दो अप्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।

मिली जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर की दोपहर करीब 2:30 बजे आदित्यपुर पुलिस को कल्पनापुरी श्मशान घाट मैदान में एक युवक की हत्या की सूचना मिली थी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल श्मशान भूमि क्षेत्र की घेराबंदी कर सघन छापेमारी की और मौके से दो संदिग्ध युवकों को धर दबोचा। मृतक की पहचान मूल रूप से शर्मा बस्ती रेलवे लाइन किनारे निवासी (वर्तमान में भाटिया बस्ती काली मंदिर के समीप) सोमनाथ डे के 20 वर्षीय पुत्र निखिल कुमार डे के रूप में की गई।

 

मृतक के पिता सोमनाथ डे के लिखित आवेदन पर आदित्यपुर थाने में कांड संख्या 331/2026 (धारा 103(1)/3(5) बीएनएस) के तहत नामजद आरोपी करण सुरेन उर्फ डेले (निवासी- शर्मा बस्ती रेलवे लाइन किनारे) और अन्य अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस की कड़ी पूछताछ में पकड़े गए दोनों आरोपियों— हरिओम नगर रोड नंबर 05, इन्द्रा बस्ती निवासी गणेश मुर्मू उर्फ डेबो (20) तथा सरायकेला थाना क्षेत्र के नुवागोड़ा निवासी अजीत सुरेन उर्फ गुडरू (19)— ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि निखिल और मुख्य आरोपी करण सुरेन पहले पक्के दोस्त थे, लेकिन हालिया विवाद के कारण करण उससे रंजिश रखने लगा था। इसी बदले की भावना में करण ने साथियों संग मिलकर निखिल की हत्या की और खौफ फैलाने के उद्देश्य से वारदात का वीडियो भी बनाया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मोबाइल फोन, खून से सने कपड़े व अन्य अहम साक्ष्य जब्त कर लिए हैं। मुख्य आरोपी करण सुरेन की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

http://आदित्यपुर के कल्पनापुरी जंगल में युवक की बोतल से पीट-पीटकर हत्या, पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को दबोचा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *