चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित 33वीं एस.आर. रूंगटा बी-डिवीजन क्रिकेट लीग 2026-27 में एमसीसी मेघाहातुबुरू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रताप क्रिकेट क्लब, चाईबासा को 29 रनों से पराजित कर दिया। इस जीत के साथ मेघाहातुबुरू की टीम ग्रुप-सी की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।
हालांकि, टीम का क्वार्टर फाइनल में पहुंचना अब 23 नवंबर को फ्रेंड्स क्लब और प्रताप क्रिकेट क्लब के बीच होने वाले मुकाबले के परिणाम पर निर्भर करेगा। यदि फ्रेंड्स क्लब जीत दर्ज करता है तो मेघाहातुबुरू की टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंच जाएगी। वहीं, प्रताप क्रिकेट क्लब की जीत की स्थिति में वह अगले दौर में प्रवेश करेगा और मेघाहातुबुरू की टीम प्रतियोगिता से बाहर हो जाएगी।
आशुतोष कुमार की बल्लेबाजी से मेघाहातुबुरू ने बनाए 182 रन**
चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एमसीसी मेघाहातुबुरू ने 28.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 182 रन बनाए। टीम की ओर से आशुतोष कुमार ने 54 गेंदों पर 49 रनों की शानदार पारी खेली। मो. समर मीर ने 24, सिकंदर प्रधान ने 23 और मो. कैफ ने 7 गेंदों पर तेजतर्रार 17 रन बनाए।
प्रताप क्रिकेट क्लब की ओर से मनीष कुमार ने 33 रन देकर चार विकेट झटके। कुशाग्र यादव और प्रतीक अग्रवाल ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि विवेक यादव और सुधांशु पॉल को एक-एक सफलता मिली।
आशुतोष की घातक गेंदबाजी, 153 रनों पर सिमटी प्रताप की टीम
183 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रताप क्रिकेट क्लब की टीम 22.3 ओवर में 153 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। जितेंद्र गौतम ने सर्वाधिक 50 रन बनाए। ओम राय ने 36, कृष अग्रवाल ने 22 और प्रणव त्रिपाठी ने 20 रनों का योगदान दिया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
मेघाहातुबुरू की ओर से आशुतोष कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 16 रन देकर चार विकेट चटकाए। विघ्नराज सिंह ने तीन और सिकंदर प्रधान ने दो विकेट हासिल किए। प्रिंस पटेल को एक सफलता मिली।
कल टाउन क्लब और लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब के बीच मुकाबला
लीग के अगले मुकाबले में कल टाउन क्लब, चाईबासा का सामना चक्रधरपुर के लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब से होगा।








