मानव सेवा के लिए दिसंबर में मिलेगा ‘झारखंड सिख रतन सम्मान’, राज्यपाल और सांसद को सौंपा जाएगा ज्ञापन
जमशेदपुर: लौहनगरी के वरिष्ठ समाजसेवी एवं चिकित्सक डॉ. कृपाल सिंह सिद्धू के 94वें जन्मदिन के अवसर पर रंगरेटा महासभा और बीर खालसा दल की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया। सामाजिक सेवा और जरूरतमंद मरीजों के प्रति उनके समर्पण को देखते हुए संगठन के प्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा शॉल ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर रंगरेटा महासभा के संस्थापक मंजीत सिंह गिल ने कहा कि डॉ. कृपाल सिंह सिद्धू ने अपनी सेवा और कार्यों से झारखंड में सिख समाज का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय तक मानव सेवा में समर्पित रहने वाले चिकित्सक को अब तक पद्म सम्मान नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है।
मंजीत सिंह गिल ने बताया कि डॉ. सिद्धू को पद्म सम्मान दिलाने की मांग को लेकर रंगरेटा महासभा जल्द ही राज्यपाल और जमशेदपुर के सांसद को ज्ञापन सौंपेगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आगामी दिसंबर माह में एग्रिको मैदान में आयोजित शहीदी दिहाड़े के कार्यक्रम में डॉ. सिद्धू को **‘झारखंड सिख रतन सम्मान’** से सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से सिख समाज के लोग शामिल होंगे।
बीर खालसा दल के अध्यक्ष रविंदर सिंह रिंकू एवं सलाहकार प्रीतम सिंह भाटिया ने भी डॉ. सिद्धू के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि डॉ. सिद्धू सिख समाज की आन, बान और शान हैं तथा जरूरतमंद और गरीब मरीजों के लिए लंबे समय से मसीहा की भूमिका निभाते आ रहे हैं।
रविंदर सिंह रिंकू ने कहा कि डॉ. सिद्धू को पद्म सम्मान दिलाने के लिए जल्द ही राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को भी पत्र भेजकर मांग उठाई जाएगी।
सम्मान समारोह में गुरदीप सिंह, दलजीत सिंह, चरणजीत सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. कृपाल सिंह सिद्धू को पुष्पगुच्छ और शॉल भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान ‘बोले सो निहाल’ के जयकारों से माहौल गूंज उठा।








