हड़िया बेचने की मजबूरी से आत्मनिर्भरता तक: शांति पूर्ति ने बकरी पालन से बदली जिंदगी, बनीं 50 महिलाओं की प्रेरणा

गोईलकेरा की शांति पूर्ति बकरी पालन के जरिए आत्मनिर्भर बनीं और ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित कर रही हैं।

चाईबासा: मेहनत, हौसले और सही अवसर मिल जाएं तो मुश्किल परिस्थितियों में भी सफलता की नई राह बनाई जा सकती है। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोईलकेरा प्रखंड के बड़ईबीर गांव की रहने वाली शांति पूर्ति ने अपनी मेहनत से इस बात को साबित कर दिखाया है। कभी परिवार का भरण-पोषण करने के लिए हड़िया बेचने वाली शांति आज सफल बकरी पालक हैं। उनके पास 50 से अधिक बकरियां हैं और वह क्षेत्र की करीब 50 महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

मजदूरी से आत्मनिर्भरता तक पहुंची कविता तांती, बकरी पालन ने बदली परिवार की आर्थिक तस्वीर

शांति पूर्ति के जीवन में बदलाव की शुरुआत वर्ष 2019 में स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के बाद हुई। आर्थिक परेशानियों के बीच उन्होंने समूह से छोटा ऋण लेकर घर पर बकरी पालन शुरू किया। गांव के आसपास उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों और चारे की सहज व्यवस्था ने उनके इस प्रयास को आगे बढ़ाने में मदद की। धीरे-धीरे बकरी पालन उनके लिए आय का मजबूत साधन बन गया।

इसी दौरान उन्हें फूलो-झानो आशीर्वाद अभियान से जुड़ने का अवसर मिला। इस अभियान के तहत हड़िया और दारू की बिक्री से जुड़ी महिलाओं को वैकल्पिक आजीविका अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। योजना के माध्यम से शांति पूर्ति को स्वयं सहायता समूह के जरिए 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिली, जिसका उपयोग उन्होंने बकरी पालन को विस्तार देने में किया।

गोईलकेरा की शांति पूर्ति बकरी पालन के जरिए आत्मनिर्भर बनीं और ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित कर रही हैं।

आज उनके पास 50 से अधिक बकरियां हैं। पहले हड़िया बेचकर दिनभर में मुश्किल से 200 से 500 रुपये की कमाई होती थी, लेकिन अब एक बकरी बेचने पर 15 से 20 हजार रुपये तक मिल जाते हैं। बकरी पालन से उनकी वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक हो गई है। आर्थिक स्थिति सुधरने के साथ परिवार में खुशहाली आई और समाज में उनका सम्मान भी बढ़ा। हाल ही में उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई से स्कूटी भी खरीदी।

अब खुद के साथ दूसरों की जिंदगी भी बदल रहीं

शांति पूर्ति की सफलता अब सिर्फ उनके परिवार तक सीमित नहीं है। फूलो-झानो अभियान के तहत केडर के रूप में कार्य करते हुए वह लगभग 50 महिलाओं को वैकल्पिक आजीविका अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं। स्कूटी से गांव-पंचायतों में पहुंचकर वह महिलाओं से संपर्क करती हैं और उन्हें स्वयं सहायता समूह तथा स्वरोजगार से जुड़ने का मार्ग दिखाती हैं।

डीपीएम जेएसएलपीएस आशियानी मारकी ने शांति पूर्ति की सफलता को महिला सशक्तीकरण और स्वयं सहायता समूहों की ताकत का उदाहरण बताया। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि सरकारी योजनाओं, सामुदायिक सहयोग और महिलाओं के संकल्प से ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव संभव है।

शांति पूर्ति की कहानी उन महिलाओं के लिए उम्मीद की किरण है, जो आर्थिक मजबूरियों से जूझ रही हैं। उनकी यात्रा बताती है कि एक छोटा कदम, सही मार्गदर्शन और दृढ़ इच्छाशक्ति किसी की जिंदगी की दिशा बदल सकती है।

 

http://Goat Theft Suspicion Youth Tied To Pole Police Rescue : बकरी चोरी के शक में युवक को पोल से बांधा, रातभर बंधा रहा संदिग्ध; पुलिस ने छुड़ाया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *