टाटा मोटर्सकर्मी की मौत पर हंगामा, 77 लाख के प्रस्ताव पर भी नहीं बनी सहमति; स्थायी नौकरी की मांग पर अड़े परिजन

ड्यूटी के दौरान दुर्घटना को IOD दर्ज नहीं करने का आरोप, आठ महीने से वेतन बंद होने का दावा; अंतिम संस्कार रोकने और कंपनी गेट जाम करने की चेतावनी

Jamshespur (जमशेदपुर): टाटा मोटर्स के इंजन डिवीजन में कार्यरत कर्मचारी सुबोध पात्रो (59) की इलाज के दौरान मौत के बाद कंपनी परिसर में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मृतक के परिजनों ने मुआवजे के साथ आश्रित को स्थायी नौकरी देने की मांग को लेकर टाटा मोटर्स के मुख्य गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। करीब 77 लाख रुपये के भुगतान के प्रस्ताव के बावजूद देर रात तक कंपनी प्रबंधन और परिजनों के बीच सहमति नहीं बन सकी।

टाटा स्टील में ठेका प्रथा के नाम पर मजदूरों का शोषण? स्थायी काम ठेका कर्मियों से कराने पर उठे गंभीर सवाल

परिजनों ने आजसू युवा मोर्चा के जिला प्रभारी मंटू शुक्ला के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची टेल्को पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। परिजनों का कहना है कि परिवार को केवल आर्थिक मुआवजा नहीं, बल्कि भविष्य की सुरक्षा के लिए स्थायी रोजगार भी चाहिए।

 

16 मार्च को ड्यूटी के दौरान दुर्घटना का आरोप

 

टेल्को कॉलोनी के एम-50 निवासी सुबोध पात्रो के परिजनों के अनुसार, 16 मार्च 2026 को ड्यूटी के दौरान तेल पर फिसलकर गिरने से उन्हें गंभीर चोट लगी थी। परिवार का आरोप है कि इस दुर्घटना को कंपनी प्रबंधन ने इंजरी ऑन ड्यूटी (IOD) के रूप में दर्ज नहीं किया।

 

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि दबाव बनाकर 18 मार्च को उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कराया गया। इसके बाद पिछले आठ महीने से उनका वेतन भी नहीं मिल रहा था। शनिवार सुबह करीब 10 बजे इलाज के दौरान सुबोध पात्रो की मौत हो गई।

 

77 लाख रुपये के भुगतान का प्रस्ताव, लेकिन नौकरी पर अड़े परिजन

 

मौत के बाद मुआवजे और नौकरी की मांग को लेकर परिजन कंपनी के मुख्य गेट पर जुटे रहे। देर रात कंपनी के आईआर हेड सौमिक रॉय और टाउन हेड रजत सिंह के साथ वार्ता हुई।

 

वार्ता के दौरान प्रबंधन की ओर से सामाजिक सुरक्षा मद में 72 लाख रुपये तथा पीएफ और ग्रेच्युटी मद में पांच लाख रुपये सहित कुल 77 लाख रुपये देय होने की जानकारी दी गई।

 

प्रबंधन के मुताबिक, पीएफ और ग्रेच्युटी के कुल 31 लाख रुपये में से 26 लाख रुपये पहले ही निकाले जा चुके हैं और शेष पांच लाख रुपये भुगतान के लिए देय हैं। हालांकि, परिजनों ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया।

 

 आश्रित को स्थायी नौकरी देने की मांग

बैठक में मृतक के दूसरे बेटे सहदेव पात्रो ने IOD के तहत परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने की मांग रखी। परिजनों का कहना है कि परिवार की आर्थिक सुरक्षा के लिए रोजगार जरूरी है और केवल मुआवजे से भविष्य की समस्या का समाधान नहीं होगा।

 

परिवार ने मांगें पूरी होने तक अंतिम संस्कार नहीं करने तथा कंपनी का गेट जाम करने की चेतावनी दी है।

 

 मजदूर नेता ने दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम

मजदूर नेता बंटी ने भी कंपनी प्रबंधन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए मृतक के आश्रित को स्थायी नौकरी और उचित मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान दुर्घटना के बाद कर्मचारी की मौत हुई है, ऐसे में परिवार को न्याय और आर्थिक सुरक्षा मिलनी चाहिए।

देर रात हुई वार्ता में प्रबंधन की ओर से परिवार के साथ आगे विचार-विमर्श करने की बात कही गई। फिलहाल स्थायी नौकरी की मांग और मुआवजे के प्रस्ताव को लेकर विवाद जारी है तथा दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन पाई है।

http://टाटा स्टील का ‘संवाद’ और आदिवासी अधिकार: उत्सव के बीच जमीन-विस्थापन के सवाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *