Aidtyapur (आदित्यपुर) : आदित्यपुर में अमृत योजना के तहत निर्मित अटल पार्क सर्विस लेन पर दूसरा गेट खोले जाने का विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। रविवार को नए गेट खोले जाने के बाद स्थानीय लोगों द्वारा विरोध भी जताया गया है।
बताया जाता है कि अटल पार्क की पूर्व से एंट्री आदित्यपुर -कांड्रा मुख्य सड़क सर्विस लेन के पास से है। इस बीच रविवार को एक तीसरा और नया गेट लोहे के रेलिंग को काटकर बना दिया गया। जिसका लोगों ने विरोध किया है। इधर मामला तूल पकड़ता देख नगर निगम पदाधिकारी ने स्थल पहुंचकर निरीक्षण भी किया है।
प्रशासक ने अधिकारियों को दिए जांच के आदेश
नगर निगम प्रशासक रवि प्रकाश ने बताया कि वे शहर से बाहर हैं। सूचना प्राप्त हुई थी कि नया गेट खोला गया है। जिसके जांच संबंधित आदेश इन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को दिए हैं। फिलहाल वापस लौट के बाद मामले की पड़ताल करेंगे। गौरतलब है कि इससे पूर्व न्यू एम टाइप आवासीय कॉलोनी से पार्क में एंट्री गेट खोले जाने का स्थानीय लोगों द्वारा कड़ा विरोध किया गया था। जिसके बाद सर्विस लेन की ओर से दूसरा गेट नगर निगम द्वारा बनवाया गया है। इस बीच तीसरे गेट का भी निर्माण हुआ है जिसका विरोध किया गया है। बता दें कि अमृत योजना केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है जिसके तहत अटल पार्क का निर्माण आदित्यपुर में हुआ है।