आदित्यपुर:आदित्यपुर पुलिस को एक सफलता हाथ लगी है। आरआईटी मोड़ के पास रोहित हेम्ब्रम नाम के युवक पर जानलेवा हमला करने के मुख्य आरोपी विशू महतो को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
आरोपी जयकान का रहने वाला है और उसके पिता का नाम जयप्रकाश महतो है। पुलिस की पूछताछ के दौरान विशू महतो ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना केवल ₹15,000 के बकाया पैसों को लेकर दोस्तों के बीच हुए आपसी विवाद का नतीजा थी। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने चापड़ से रोहित के सिर पर प्राणघातक वार कर दिया था।
लहूलुहान अवस्था में पीड़ित को पहले एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से प्राथमिक इलाज के बाद उसे टीएमएच (TMH) में भर्ती कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आदित्यपुर पुलिस ने कांड संख्या-197/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जाँच शुरू की थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गिरफ्तारी के डर से चाईबासा होते हुए चेन्नई (पेरम्बूर) फरार हो गया था। जब उसे लगा कि मामला शांत हो चुका है, तब वह काम के सिलसिले में वापस आदित्यपुर लौटा। हालांकि, पुलिस उस पर लगातार नजर बनाए हुए थी और उसके लौटते ही उसे धर दबोचा।







