आदित्यपुर: आदित्यपुर में 18 और 19 सितंबर को आयोजित होने वाले दो दिवसीय भव्य श्रीकृष्ण रुक्मणी विवाह एवं राधा अष्टमी महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आज 18 सितंबर को निकलने वाली भव्य रथयात्रा को लेकर नगर निगम क्षेत्र के श्रद्धालुओं में जबर्दस्त उत्साह का माहौल है।
भारतीय कृष्ण भावामृत संघ के मुख्य संरक्षक सह पूर्व उपमहापौर अमित कुमार सिंह (बॉबी सिंह) ने बताया कि यह पूर्णतः गैर-राजनीतिक धार्मिक अनुष्ठान है। समाज में प्रभु भक्ति के विस्तार व सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए सभी राजनीतिक व गैर-राजनीतिक संगठनों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने श्रद्धालुओं से रथ खींचकर पुण्य का भागी बनने का आह्वान किया, साथ ही पुलिस प्रशासन से व्यवस्था सुचारू रखने हेतु सहभागिता की अपील की।
प्रमुख अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
महोत्सव में मुख्य रूप से पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई, आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार, डिप्टी मेयर अंकुर सिंह, पूर्व मेयर विनोद श्रीवास्तव, भाजपा जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान सहित भाजपा के जिला व प्रदेश पदाधिकारी शिरकत करेंगे। इस वर्ष रूस और जर्मनी से आ रहे कृष्ण भक्त भी हरिनाम संकीर्तन प्रस्तुत करेंगे।
दो दिवसीय कार्यक्रम:-
* 18 सितंबर: साल्डीह हरि मंदिर एवं मांझी टोला से दोपहर 2 बजे भव्य रथयात्रा निकलेगी। इससे पूर्व सुबह 8 बजे पूजन, 11 बजे भोग आरती व दोपहर 12 बजे प्रभु रथारूढ़ होंगे। शाम 7 बजे एस-टाइप मैदान में रथ संपन्न होगा, जिसके बाद रात्रि 8 से 10:30 बजे तक श्रीकृष्ण रुक्मणी विवाह और महाप्रसाद वितरण होगा।
•
* 19 सितंबर: सुबह 4:30 बजे मंगल आरती, 7 बजे श्रृंगार आरती, 7:30 बजे गुरु पूजा, 8 बजे कीर्तन, 9 बजे हरि कथा, 10:30 बजे महाअभिषेक एवं दोपहर 12:30 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन होगा।
•
आयोजन को सफल बनाने में मुख्य यजमान सुखदेव महतो, मंटू महतो, अध्यक्ष उमेश प्रमाणिक, उपाध्यक्ष जामिनी दास, कोषाध्यक्ष चंद्रवती महतो व भगतु महतो समेत संघ के तमाम पदाधिकारी सक्रिय रूप से जुटे हैं।








