सरायकेला। आगामी दुर्गा पूजा एवं दशहरा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की अहम बैठक हुई।
उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक श्री मनोज सर्वंगीयारी की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा मानकों पर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्रीमती रीना हांसदा, अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार, सरायकेला एसडीओ श्री अभिनव प्रकाश, चांडिल एसडीओ श्री नितिन शिवम गुप्ता, अपर नगर आयुक्त (आदित्यपुर) श्री एजाज अनवर आदित्यपुर नगर निगम डिप्टी मेयर अंकुर सिंह तथा सामान्य शाखा के प्रभारी पदाधिकारी श्री अविनाश कुमार समेत सभी बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारी और पूजा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

गाइडलाइन का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि रात्रि 10:00 बजे के बाद डीजे और लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों की अनदेखी पर सीधे कानूनी कार्रवाई होगी। इसके अलावा अवैध शराब की बिक्री, सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी और ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान चलेगा। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर पैनी नजर रखने और पंडालों सहित संवेदनशील मार्गों पर सीसीटीवी लगाने के निर्देश दिए गए।
पंडालों में सुरक्षा और विसर्जन की मुकम्मल व्यवस्था
डीसी ने निर्देश दिया कि पंडालों का निर्माण हाईटेंशन तारों से दूर हो और वहां महिला-पुरुष के लिए अलग प्रवेश-निकास द्वार, अग्निशामक यंत्र, रेत-पानी व प्राथमिक उपचार की व्यवस्था अनिवार्य रूप से रहे। रावण दहन स्थल पर बैरिकेडिंग और सुरक्षित दूरी तय की जाएगी। चिन्हित विसर्जन घाटों पर समतलीकरण, प्रकाश, गोताखोर, मेडिकल टीम और भारी प्रतिमाओं के लिए हाइड्रा की व्यवस्था रहेगी।
एसपी ने थाना प्रभारियों को ग्रामीण व शहरी मार्गों पर रात्रि गश्ती बढ़ाने और पूजा समितियों को स्वयंसेवकों की सूची पहचान पत्र सहित थानों में जमा कराने का निर्देश दिया। पूजा समितियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।








