Adityapur Car Fire: आकाशवाणी चौक पर चलती स्विफ्ट बनी ‘बर्निंग कार’

आकाशवाणी चौक

आदित्यपुर : आदित्यपुर के व्यस्ततम आकाशवाणी चौक पर बुधवार शाम तकरीबन 7:30 बजे उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सड़क पर दौड़ रही एक सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट कार अचानक ‘बर्निंग कार’ में तब्दील हो गई।

कार के इंजन से अचानक उठती आग की लपटों और काले धुएं के गुबार को देखकर चौराहे पर मौजूद राहगीरों और वाहन चालकों के बीच भारी अफरा-तफरी मच गई।

आकाशवाणी चौक

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, सतबहिनी निवासी एक व्यक्ति अपनी मारुति स्विफ्ट कार लेकर आदित्यपुर से बिष्टुपुर की दिशा में जा रहे थे। जैसे ही वाहन आकाशवाणी चौक के समीप पहुंचा, अचानक कार के बोनट के भीतर से तेज धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। खतरे को भांपते हुए चालक ने गजब की सूझबूझ दिखाई और फौरन ब्रेक लगाकर गाड़ी से सुरक्षित बाहर निकल गया।

​घटना घटते ही चौक पर चीख मच गई, वाहनों की रफ्तार थम गई। इस दौरान चौराहे पर मुस्तैद ट्रैफिक पुलिस के जवानों और आसपास के स्थानीय दुकानदारों ने तत्परता दिखाई। सभी ने बिना देर किए दुकानों और आसपास से बाल्टियों में पानी लाकर बोनट पर डालना शुरू किया।

​कड़ी मशक्कत के बाद समय रहते आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, जिससे कार का ईंधन टैंक फटने या किसी अन्य वाहन को नुकसान पहुंचने जैसा बड़ा हादसा होने से टल गया। प्राथमिक जांच में आग लगने की मुख्य वजह इंजन में हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *