आदित्यपुर। आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 23 से लापता हुए दो बालक—मोहम्मद असद और अंश गुप्ता—सकुशल मिल गए हैं। दोनों बच्चों के सुरक्षित मिलने की खबर से परिजनों और स्थानीय क्षेत्र में राहत की सांस ली गई है।
बच्चों के परिजन उन्हें वापस लाने के लिए झारसुगुड़ा रवाना हो चुके हैं।
इस राहत भरी खबर के बाद वार्ड संख्या 23 के पार्षद श्री अवधेश सिंह ने सभी सहयोगियों के प्रति दिल से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने आदित्यपुर थाना प्रभारी श्री अंजनी कुमार सिंह और उनकी पूरी टीम की त्वरित कार्रवाई और समर्पण की सराहना की, जिनकी तत्परता से बच्चों का समय पर पता लगाया जा सका। इसके साथ ही, पूरे अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए आरपीएफ (RPF) की भी प्रशंसा की गई।
खबर को तार्किक अंजाम तक पहुँचाने में श्री मधु प्रजापति की भूमिका बेहद सराहनीय रही। उन्होंने ट्रेन में यात्रा के दौरान बच्चों की पहचान की और तुरंत सही समय पर सूचना दी।
पार्षद अवधेश सिंह ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सोशल मीडिया, मीडिया कर्मियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने जिस एकजुटता और संवेदनशीलता का परिचय दिया, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है।
– श्री अवधेश सिंह (पार्षद, वार्ड संख्या 23, आदित्यपुर नगर निगम)







