गम्हरिया: जमालपुर स्थित अमृतनगर के शिव-हनुमान मंदिर के 12वें स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को धार्मिक आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में दोमुहानी संगम से सैकड़ों महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने पवित्र जल उठाकर भव्य कलश यात्रा निकाली। पूरे मार्ग में श्रद्धालु भगवान शिव के जयघोष और भक्ति गीतों के साथ आगे बढ़ते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

मंदिर परिसर पहुंचने के बाद विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना का शुभारंभ हुआ। आयोजन समिति ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर अखंड हरिकीर्तन के साथ भगवान शिव का रुद्राभिषेक भी किया जाएगा। इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
समिति के अनुसार रविवार को पूर्णाहुति के साथ महाप्रसाद (भोग) वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें आसपास के गांवों के श्रद्धालु भी भाग लेंगे। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों एवं मंदिर समिति के सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।
इस अवसर पर फूलन सिंह, अशोक सिंह, काशीनाथ यादव, रामगहन पांडेय, दिनेश सिंह, राकेश कुमार, मुद्रिका चौधरी, बुलेट सिंह, किशन दुबे, मिथलेश शर्मा, धनंजय सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।







