आदित्यपुर: दुर्गा पूजा नजदीक आते ही आदित्यपुर-गम्हरिया क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति के प्रतिनिधिमंडल ने आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी से मुलाकात की। इस दौरान पुलिस प्रशासन, नगर निगम और विभिन्न संबंधित विभागों से जुड़ी 11 सूत्री मांगें रखी गईं। उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अनुपस्थिति में उनके कार्यालय में भी ज्ञापन की प्रति जमा कराई गई।
समिति के अध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा शुरू होने में महज पांच दिन शेष हैं और क्षेत्र के कई बड़े पूजा पंडालों का निर्माण अंतिम चरण में है। ऐसे में सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और बिजली जैसी व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करना जरूरी है।

शांति समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों पर अमल की मांग
पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि थाना से लेकर जिला स्तर तक शांति समिति की बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन उनमें लिए गए निर्णयों को पूजा से पहले जमीन पर उतारना आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने की अपील की।
सफाई, सड़क मरम्मत और रोशनी की व्यवस्था
समिति ने आदित्यपुर नगर निगम से पूजा से पहले व्यापक सफाई अभियान चलाने, पूजा पंडालों तक जाने वाली सड़कों की मरम्मत कराने और पूरे पूजा काल में नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं, जेआरडीसीएल और जियाडा प्रशासन से टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग की बंद स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइट को तत्काल चालू कराने का आग्रह किया गया। बिजली बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए पूर्व की तरह जनरेटर की वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग भी उठाई गई।
भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर
क्षेत्र के बड़े पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग द्वार बनाने की मांग की गई, ताकि भीड़ नियंत्रित रहे और यातायात बाधित न हो। समिति ने खरकई पुल के पास एमपी टावर के समीप वॉच टावर बनाने के साथ मेडिकल टीम और एंबुलेंस की तैनाती का भी आग्रह किया।
इसके अलावा आदित्यपुर और गम्हरिया के स्वास्थ्य केंद्रों में 24 घंटे चिकित्सकीय व्यवस्था उपलब्ध कराने तथा विसर्जन घाट तक पहुंचने वाले मार्ग की मरम्मत, पर्याप्त रोशनी और हाइड्रा की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।
पार्किंग, दमकल और रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग
समिति ने पूजा पंडालों के आसपास पार्किंग स्थलों और अस्थायी दुकानों के लिए अलग-अलग स्थान चिह्नित करने, निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा भीड़भाड़ वाले पंडालों में दमकल की व्यवस्था करने पर जोर दिया।
साथ ही आदित्यपुर, गम्हरिया और आरआईटी थाना क्षेत्रों में रात्रि पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की गई, ताकि चोरी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगे और श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में पूजा का आनंद ले सकें।
पुरेंद्र नारायण सिंह ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से सभी मांगों पर त्वरित कार्रवाई करने की अपील की। प्रतिनिधिमंडल में उदित यादव, सकला मारडी, ऋषिकांत गुप्ता, राजेश यादव, अवधेश कुमार और सोनू पासवान शामिल थे।








