चाईबासा: चाईबासा के उदीयमान अंतरराष्ट्रीय रिकर्व तीरंदाज विजय सुंडी अब जापान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उनका चयन जापान में आयोजित होने वाले एशियन पैरा गेम्स के लिए गठित 22 सदस्यीय भारतीय तीरंदाजी टीम में हुआ है। वहीं, उनके तीरंदाजी प्रशिक्षक महर्षि महेंद्र सिंकू का चयन भी भारतीय कोच टीम में किया गया है।
विजय सुंडी और महर्षि महेंद्र सिंकू मंगलवार शाम भारतीय दल के साथ दिल्ली एयरपोर्ट से जापान की राजधानी टोक्यो के लिए रवाना हुए। एशियन पैरा गेम्स का आयोजन 7 से 14 अक्टूबर तक जापान के कुरोबे शहर में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में विभिन्न देशों के चुनिंदा पैरा तीरंदाज हिस्सा लेंगे।
विजय सुंडी इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने एशिया के बैंकॉक और यूरोप के चेक गणराज्य में आयोजित वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज-2026 की विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लेते हुए दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक अपने नाम किया है।
विजय के लगातार बेहतर प्रदर्शन से चाईबासा और पश्चिमी सिंहभूम के खेल प्रेमियों में उत्साह है। जापान में होने वाली प्रतियोगिता में भी उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।








