आदित्यपुर: आगामी 80वें स्वतंत्रता दिवस को गरिमामय एवं धूमधाम से मनाने के उद्देश्य से आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। समिति के उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ शिक्षाविद एस. डी. प्रसाद की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों और कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति के अध्यक्ष सह आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर ध्वजारोहण करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, 15 अगस्त को प्रातः 10:45 बजे शेरे पंजाब चौक, बोधी कॉम्प्लेक्स के समक्ष मुख्य झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इससे पूर्व प्रातः 10:00 बजे आदित्यपुर-2, रोड नंबर-10 स्थित ‘कल्याण कुंज’ सभागार के समक्ष पहला झंडोत्तोलन संपन्न होगा।
ध्वजारोहण समारोह के तुरंत बाद देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें शहर के प्रमुख एवं लोकप्रिय कलाकार देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने में समिति के सदस्य व गणमान्य लोग सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। इनमें एस. एन. यादव, पूर्व पार्षद सिद्धनाथ सिंह यादव, देव प्रकाश, आशुतोष गुप्ता, उदित यादव, दिलीप मंडल, अवधेश कुमार, कुमार बिपिन बिहारी प्रसाद, एस. डी. प्रसाद, प्रमोद गुप्ता, संतोष यादव, आर. के. अनिल, संजय शर्मा, अश्वनी कुमार सिंह, वीरेंद्र बंधु, मिथिलेश झा, राजेश यादव, प्रभाष झा, मनोज चौरसिया, विनोद जायसवाल, ओम प्रकाश तथा अधिवक्ता संजय कुमार मुख्य रूप से शामिल हैं।







