Adityapur:प्रदेश कांग्रेस संविधान बचाओ रैली के तहत अपनी ताकत दिखाएगी. यह रैली 6 मई को रांची के पुराना विधानसभा मैदान होगी. रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता और नेताओं ने पूरी ताकत झोंक दी है.


6 मई को होने वाली रैली में सरायकेला- खरसावां जिले से भी भारी संख्या में कांग्रेसी रांची रवाना होंगे. इसे लेकर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश महासचिव अजय सिंह के आवास पर एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई. जिसमें मुख्य रूप से पर्यवेक्षक रामेश्वर प्रसाद, जिला प्रभारी संजीव श्रीवास्तव, कार्यकारी जिला अध्यक्ष अंबुज कुमार, प्रदेश सचिव सुरेश धारी, एवं रमाशंकर पांडे मौजूद थे। इस मौके पर प्रदेश महासचिव अजय सिंह ने कहा कि विपक्ष की ताकत को खत्म करने भाजपा साजिश रच रही है। संविधान को ताख पर रख देश में कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ हो रहा है। ऐसे में इस रैली के माध्यम से कांग्रेस बीजेपी को करारा जवाब देगी। जिला पर्यवेक्षक रामेश्वर प्रसाद ने कहा कि रांची में संविधान बचाओ रैली ऐतिहासिक होगी। सरायकेला के सभी प्रखंड, नगर कमेटी से भारी संख्या में कांग्रेसजन रैली में शामिल होकर अपनी एकता का प्रदर्शन करेंगे। सरायकेला जिला प्रभारी संजीव श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार न्यायपालिका कार्यपालिका, को अपने इशारे पर नचा रही है। यह रैली संविधान खिलवाड़ के विरुद्ध भाजपा के गाल पर तमाचा साबित होगा। रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल सहित अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे. इसके अलावा, राज्य भर के कई नेता और कार्यकर्ता भी रैली में शामिल होंगे.