सरायकेला-खरसावां : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवनारायणपुर में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई की है। ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर लोगों से साइबर ठगी करने वाले तीन शातिर युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुलशन कुमार, सुमित कुमार और ताहिर खान के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं।

बैंक कर्मी बताकर लिया था कमरा, भारी मात्रा में वाई-फाई राउटर, मोबाइल और सिम कार्ड बरामद
पुलिस के अनुसार, ये तीनों आरोपी पिछले एक साल से गम्हरिया के शिवनारायणपुर में शशि सिंह नामक व्यक्ति के मकान में किराए पर रह रहे थे। मकान मालिक ने बताया कि युवकों ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर कमरा किराए पर लिया था। इस दौरान घर में लगातार कई संदिग्ध युवकों का आना-जाना लगा रहता था, जिससे स्थानीय स्तर पर संदेह बढ़ रहा था।
बीती रात पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बंद कमरे का ताला तोड़ा और तीनों को रंगे हाथों दबोच लिया। तलाशी के दौरान कमरे से भारी संख्या में वाई-फाई राउटर, मोबाइल फोन और फर्जी सिम कार्ड आदि बरामद किए गए हैं। पुलिस फिलहाल इन आरोपियों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है और इनके पूरे अंतरराज्यीय साइबर नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।







