आदित्यपुर/गम्हरिया: आदित्यपुर नगर निगम चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सोमवार को वार्ड संख्या 17 से युवा और चर्चित प्रत्याशी अमित रंजन उर्फ सानू सिंह ने गम्हरिया प्रखंड कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। सानू सिंह ने निर्वाचन पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार के समक्ष अपने दस्तावेज प्रस्तुत किए।

नामांकन के दौरान प्रखंड कार्यालय के बाहर समर्थकों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच सानू सिंह के समर्थकों, परिवारजनों और शुभचिंतकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर चुनावी माहौल को गर्मा दिया।
बदलाव और विकास का दावा
नामांकन के पश्चात मीडिया से बात करते हुए सानू सिंह ने कहा कि वे एक नई और युवा सोच के साथ चुनाव मैदान में उतरे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि वार्ड 17 की जनता अब पुराने ढर्रे को छोड़कर बदलाव चाहती है। सानू सिंह ने कहा, “वार्ड 17 मेरा घर नहीं, मेरा परिवार है। पिछले कई वर्षों से जनता के बीच सक्रिय रहने का फल मुझे जनसमर्थन के रूप में मिल रहा है। मेरा लक्ष्य इस वार्ड को नगर निगम का सबसे उन्नत और ‘आदर्श वार्ड’ बनाना है।”
राजनीतिक एवं सामाजिक रसूख
विदित हो कि सानू सिंह विश्व हिंदू परिषद के प्रखर नेता और बजरंग दल के संयोजक के रूप में क्षेत्र में काफी सक्रिय रहे हैं। उनकी इस साख का असर उनके नामांकन में भी दिखा, जहाँ दलगत राजनीति से ऊपर उठकर विभिन्न संगठनों के नेताओं ने उन्हें समर्थन दिया।
नामांकन में शामिल प्रमुख व्यक्तित्व
सानू सिंह के समर्थन में कई दिग्गज चेहरे मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से डॉ. जेएन दास (विहिप जिला अध्यक्ष),बबलू सिंह (भाजपा नेता),संतोष सिंह (कांग्रेस नगर अध्यक्ष),राणा सिंह (इंटक नेता),नीरू सिंह, कमल नयन, चिंटू रजक, राम विचार राय
इसके अलावा वार्ड की बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय युवा भी नामांकन जुलूस का हिस्सा बने। जानकारों का मानना है कि सानू सिंह की युवाओं के बीच पकड़ वार्ड 17 के समीकरणों को दिलचस्प बना सकती है।








