Jamshedpur (जमशेदपुर) : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर खड़ी मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया और कुछ ही सेकेंड में हाई टेंशन ओवरहेड तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया और यात्रियों के बीच दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना सुबह लगभग 11 बजे के आसपास हुई। बताया जा रहा है कि युवक अचानक मालगाड़ी के डिब्बे पर चढ़ गया। ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज विद्युत तार के बेहद करीब पहुंचते ही तेज धमाका हुआ और युवक आग की लपटों के साथ नीचे गिर पड़ा। धमाके की आवाज सुनते ही प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल युवक को तत्काल रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए भेज दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवक का शरीर काफी हद तक झुलस चुका है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
रेल पुलिस अब स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि युवक की पहचान करने और उसके स्टेशन पहुंचने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जांच में यह भी संभावना जताई जा रही है कि युवक मानसिक रूप से अस्थिर हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना के बाद स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। व्यस्त प्लेटफॉर्म पर किसी व्यक्ति का मालगाड़ी पर चढ़ जाना रेलवे सुरक्षा में बड़ी लापरवाही माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस और रेलवे प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।
http://रेल यात्रियों की जान खतरे में: बच्चों की शरारत से जमशेदपुर में बड़ा रेल हादसा टला







