Bistupur Police Station Incharge Welcome: बिष्टुपुर थाना प्रभारी बने आलोक दुबे, समाजसेवी अमरनाथ ठाकुर ने किया स्वागत

अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था प्राथमिकता

जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना में नए थाना प्रभारी के रूप में इंस्पेक्टर आलोक कुमार दुबे ने गुरुवार को पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालते ही उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया।

ये भी पढ़े:-Gamhariya New police station incharge:पुलिस निरीक्षक आलोक कुमार दुबे को मिली गम्हरिया थाना की कमान

भाजपा नेता और समाजसेवी अमरनाथ ठाकुर ने विशेष रूप से उनका स्वागत करते हुए शॉल और फूलों का गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर मनीष प्रसाद समेत कई अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।इंस्पेक्टर आलोक दुबे 2012 बैच के पुलिस अधिकारी हैं। बिष्टुपुर थाने में योगदान देने से पूर्व वे कदमा थाना प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। जमशेदपुर एसएसपी द्वारा किए गए थाना प्रभारियों के तबादला-पोस्टिंग आदेश के तहत उन्हें बिष्टुपुर थाना का प्रभार सौंपा गया है।

नए थाना प्रभारी आलोक दुबे ने पदभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता क्षेत्र में शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखना होगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्थानीय नागरिकों के साथ समन्वय और संवाद स्थापित कर पुलिसिंग को और मजबूत किया जाएगा।

आलोक दुबे का पुलिसिंग करियर काफी समृद्ध रहा है। वे पूर्व में सरायकेला जिले में भी लंबे समय तक विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं। वहां उन्होंने सरायकेला सर्किल इंस्पेक्टर, आदित्यपुर थाना प्रभारी और गम्हरिया थाना प्रभारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियां सफलतापूर्वक निभाई थीं। उनके कार्यकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण अपराध मामलों का निष्पादन हुआ और जनता के बीच उनकी छवि एक सख्त लेकिन सहयोगी पुलिस अधिकारी के रूप में बनी।

बिष्टुपुर थाना, जो कि शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील थानों में गिना जाता है, वहां नए थाना प्रभारी के रूप में आलोक दुबे से काफी अपेक्षाएं जुड़ी हैं। यह इलाका व्यापारिक गतिविधियों, बाजारों और भीड़भाड़ वाली जगहों के कारण हमेशा पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण रहा है। आलोक दुबे ने कहा कि वह हर स्तर पर अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता देंगे, साथ ही आम जनता को पुलिस पर भरोसा दिलाने का प्रयास भी करेंगे।

समाजसेवी अमरनाथ ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि नए थाना प्रभारी आलोक दुबे के नेतृत्व में क्षेत्र की पुलिस व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि दुबे अपने अनुभव और कर्तव्यनिष्ठा से जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेंगे। साथ ही बिष्टुपुर थाना क्षेत्रवासियों ने भी उम्मीद जताई है कि नए प्रभारी के आने से अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था में और सुधार होगा।

http://सरायकेला: इंस्पेक्टर आलोक दुबे को मिला सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षक का अवार्ड, डीआईजी -एसपी ने किया सम्मानित