Chaibasa (चाईबासा) : भारतीय जनता पार्टी नगर इकाई के तत्वावधान में प्रदेश भाजपा के निर्देशानुसार मंगलवार को रविंद्र भवन चाईबासा से सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालते हुए नगर परिषद कार्यालय तक मार्च किया और वहां जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। यह आंदोलन नगर परिषद की कथित जनविरोधी कार्यप्रणाली, शहर की बदहाल बुनियादी सुविधाओं और नगर निकाय चुनाव में हो रही देरी के विरोध में आयोजित किया गया।
भाजपा कार्यालय पर कांग्रेस के प्रदर्शन का कड़ा विरोध, कार्यकर्ताओं ने संगठित होकर किया प्रतिकार
नगर निकाय चुनाव टालने का आरोप, लोकतंत्र से डर रही सरकार: मधु कोड़ा
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार राजनीतिक हार के डर से नगर निकाय चुनावों को जानबूझकर टाल रही है और जनता को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल हाईकोर्ट के दबाव में चुनाव की बातें कर रही है, जबकि बैलेट पेपर से चुनाव कराने की कोशिश जनता के जनादेश के साथ खिलवाड़ है। भाजपा की स्पष्ट मांग है कि नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर और केवल EVM से कराए जाएं।
नगर परिषद को बताया पूरी तरह विफल
मधु कोड़ा ने कहा कि चाईबासा नगर परिषद पूरी तरह विफल हो चुकी है। तालाबों की सफाई के लिए टेंडर होने के बावजूद काम शुरू नहीं होना, जर्जर सड़कें, गंदगी और जलापूर्ति की बदहाल स्थिति प्रशासनिक लापरवाही का प्रमाण है।

जनसमस्याओं की अनदेखी का आरोप
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जेबी तुबिड ने कहा कि नगर परिषद की प्राथमिकताएं पूरी तरह गलत हैं और जनता की जरूरतों की अनदेखी कर बेवजह के कार्यों पर लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
अनूप सुल्तानिया ने कहा कि जलापूर्ति, सफाई और ट्रैफिक व्यवस्था की बदहाली से आम नागरिकों का जीवन प्रभावित हो रहा है।
वहीं रामानुज शर्मा ने नगर परिषद में जवाबदेही खत्म होने और अधिकारियों की मनमानी पर सवाल उठाए।
समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन होगा तेज: भाजपा
भाजपा जिला अध्यक्ष संजय पांडे ने चेतावनी दी कि यदि नगर परिषद और राज्य सरकार ने शीघ्र जनसमस्याओं का समाधान नहीं किया, तो भाजपा चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को और तेज करेगी।
तीन सूत्री मांगों को लेकर सौंपा गया ज्ञापन
धरना-प्रदर्शन के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने तीन प्रमुख मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा— नगर निकाय चुनाव की तिथि शीघ्र घोषित की जाए, चुनाव दलीय आधार पर और केवल EVM से कराए जाएं,
नगर परिषद की बदहाल व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार किया जाए।
झारखंड के सभी जिला मुख्यालयों में एक साथ धरना-प्रदर्शन
बता दें कि नगर निकाय चुनाव में हो रही देरी और शहरी निकायों की बदहाल स्थिति के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को झारखंड के सभी जिला मुख्यालयों में एक साथ धरना-प्रदर्शन किया। यह आंदोलन प्रदेश भाजपा के आह्वान पर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए।
राज्य सरकार पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जानबूझकर नगर निकाय चुनाव टाल रही है, जिससे शहरी क्षेत्रों में लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। वक्ताओं ने कहा कि चुनी हुई नगर सरकार न होने से विकास कार्य ठप हैं और आम जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता रहे उपस्थित
धरना-प्रदर्शन में पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष गीता बालमुचू, नीला नाग, पूर्व विधायक जवाहरलाल बानरा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का मंच संचालन राकेश शर्मा ‘बबलू’ ने किया। इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष सतीश पुरी, सनी पासवान, चंद्र मोहन तियू, पवन शर्मा, चंदन झा, रविशंकर विश्वकर्मा, पंकज खिरवार, रंजन प्रसाद, अक्षय खत्री, नवीन गुप्ता, अनिल विरूली, मणिकांत पोद्दार, दिलीप साव, मुकेश कुमार, कामेश्वर विश्वकर्मा, रोहित दास, संजय तुरी, विजय राम तूरी, जगदीश निषाद, जूली खत्री, अजय झा, नीरज गुप्ता, रूपा दास, हेमंत विश्वकर्मा, मृदुल निषाद, अनूप प्रसाद, द्वारिका शर्मा, शिबू दास, दीपक पोद्दार, दीपक गुप्ता समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।








