Chaibasa ( चाईबासा) : पश्चिमी सिंहभूम के मंझारी थाना क्षेत्र की पप्पागड़ा पंचायत में बीते शनिवार रात एक शिशु हाथी पेड़ में फंसकर बुरी तरह घायल हो गया था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची वन विभाग टीम ने बच्चे को काफी प्रयासों के बाद सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए चाईबासा वन कार्यालय पहुंचाया। लेकिन दो दिन की कोशिशों के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका और सोमवार देर शाम उसकी मौत हो गई।
सारंडा जंगल में आईईडी धमाके की चपेट में आया जंगली हाथी, वन विभाग ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर के भीतर खून जमने को मौत का मुख्य कारण बताया गया है।
इसी बीच, हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के सरडीहा जंगल में एक और हाथी का बच्चा अकेली अवस्था में मिला। विभाग की टीम ने दूसरे शिशु को रेस्क्यू कर फिलहाल हाटगम्हरिया में चिकित्सकीय निगरानी में रखा है। अधिकारियों का कहना है कि बेहतर देखभाल के लिए उसे बुधवार को चाईबासा लाया जाएगा।

लगातार जंगलों में हाथी के बच्चे घायल या समूह से बिछड़े हुए मिल रहे हैं, जिससे विभाग की चिंता बढ़ गई है। वन अधिकारियों ने बताया कि मौसम में बदलाव और जंगली इलाकों में बढ़ते जोखिम के कारण शिशु हाथियों के चोटिल होने और झुंड से अलग हो जाने की घटनाएं बढ़ी हैं।
विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि कोई बच्चा हाथी अकेला या घायल दिखे तो उसे छूने या पास जाने की कोशिश न करें और तुरंत वन विभाग को सूचना दें। निगरानी बढ़ाई गई है ताकि हाथियों और उनके बच्चों को समय रहते सहायता मिल सके।








