Chandil: (चांडिल ) : कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत डोबो काड़ी पत्थर इलाके में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) और सरायकेला-खरसावां पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर घर में चल रहे अवैध गांजा सिंडिकेट का पर्दाफाश किया।
मौके से पिता-पुत्र को रंगे हाथ दबोचते हुए भारी मात्रा में नकदी, गांजा और उपकरण बरामद किए गए। पुलिस को कपाली के सीमावर्ती इलाके में अवैध गांजे की बड़े पैमाने पर खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी। वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गठित संयुक्त दल ने अशोक तुरहा के आवास की घेराबंदी की। दरवाजा खुलवाने पर घर के भीतर दो व्यक्ति इलेक्ट्रॉनिक मशीन से गांजा तौलकर छोटी प्लास्टिक थैलियों में पाउचिंग करते पाए गए। जवानों की त्वरित सतर्कता के चलते भागने का प्रयास कर रहे दोनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया गया।
कमरे की तलाशी के दौरान चौकी के नीचे छिपाकर रखी गई कुल 3.093 किलोग्राम अवैध गांजे की 89 पुड़िया बरामद हुईं। इसके अतिरिक्त, मौके से गांजा बिक्री के 5,19,500 रुपये नकद, टाइटन कंपनी की एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, एक साधारण तराजू, 6 बंडल प्लास्टिक पाउच, एक स्मार्टफोन और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (JH05DN-2886) जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक तुरहा (42 वर्ष) और उसके पुत्र अभिजीत तुरहा (20 वर्ष), निवासी डोबो काड़ी पत्थर के रूप में हुई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला (कांड संख्या 133/26) दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
http://कपाली : लोडेड देशी कट्टा व गोली के साथ शातिर अपराधी ‘जम्बो’ गिरफ्तार, भेजा गया जेल








