चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुए दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। गांडकीदा गांव के बिश्रामपुर टोला निवासी एक पति-पत्नी की अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार (टांगी) से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। शुक्रवार सुबह दोनों के शव गांव के सरकारी तालाब के पास बने नाले में मिलने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
Saraikela Double Murder : पति-पत्नी की गोली मारकर हत्या डबल मर्डर से गाँव मे दहशत
मृतकों की पहचान 45 वर्षीय डोंका सिंकु और उनकी 40 वर्षीय पत्नी गोरवारी सिंकु के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में दोनों के सिर पर धारदार हथियार से किए गए गहरे वार के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, सुबह जब कुछ लोग सरकारी तालाब की ओर गए तो उन्होंने नाले में दो शव पड़े देखे। पास जाकर पहचान करने पर पता चला कि शव डोंका सिंकु और उनकी पत्नी के हैं। घटना की सूचना तत्काल गांव के मुंडा कमल किशोर हेम्ब्रम को दी गई, जिन्होंने कुमारडुंगी थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ रफायल मुर्मू और पुलिस इंस्पेक्टर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस गांव के लोगों से पूछताछ कर सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। स्थानीय स्तर पर जमीन विवाद और अंधविश्वास (डायन-बिसाही) को लेकर चर्चाएं जरूर हैं, लेकिन पुलिस ने अभी किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है तथा जल्द ही इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।







