Saraikela (सरायकेला) : सरायकेला–कांड्रा मुख्य मार्ग पर स्थित कोलाबीरा बाजार के समीप बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में 57 वर्षीय बाइक सवार रमेन कुमार दास की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक जमशेदपुर के बिरसानगर इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सड़क से उठाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
Chandil- Neemdih Road Accident : गैस किल्लत के बीच हादसा: नीमडीह में 360 सिलेंडरों से लदा ट्रक पलटा

हादसे का कारण: ट्रकों के बीच मची ‘रेस’
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना ओवरटेकिंग के दौरान हुई। दो ट्रक एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में तेज गति से चल रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार रमेन कुमार दास दोनों भारी वाहनों के बीच फंस गए। संतुलन बिगड़ने के कारण वे सड़क पर गिर पड़े और ट्रकों के पहियों की चपेट में आ गए।
जनता का आक्रोश
घटना के बाद कोलाबीरा बाजार क्षेत्र के स्थानीय लोगों ने भारी नाराजगी जताते हुए मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे जिला परिषद सदस्य शंभू मंडल ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा:
”कोलाबीरा बाजार क्षेत्र अब डेंजर जोन बन चुका है। हमने पहले भी कई बार यहां स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है, लेकिन प्रशासन की उदासीनता के कारण आज फिर एक परिवार ने अपना सदस्य खो दिया।”
पुलिसिया कार्रवाई
सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल दोनों ट्रकों और बाइक को पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल, सुरक्षा उपायों और मुआवजे की मांग को लेकर स्थानीय लोग सड़क पर डटे हुए हैं।








