चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर प्रखंड में जंगली हाथियों का बढ़ता आतंक एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। मंगलवार की आधी रात हाथियों के झुंड ने बुढ़ाकमान, मुगादिधिया, तेंतोड़ीपोसी और लुतुसाई गांवों में जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान बुढ़ाकमान निवासी चंद्रमोहन सिंकु की हाथी के हमले में मौत हो गई। वे चार बच्चों के पिता थे। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है।
किरीबुरू में जंगली हाथी की दस्तक से दहशत, ड्रोन से निगरानी कर जंगल की ओर खदेड़ने की तैयारी

बताया जाता है कि रात करीब 12 बजे गांव के आसपास हाथियों के आने की सूचना मिलने पर ग्रामीण उन्हें जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी बीच चंद्रमोहन सिंकु भी घर से बाहर निकले। अंधेरे में अचानक उनका सामना एक दंतैल हाथी से हो गया। इससे पहले कि वे सुरक्षित स्थान पर पहुंच पाते, हाथी ने उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथी ने उन्हें सूंड से उठाकर पटक दिया और पैरों तले रौंद दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों ने बिना देर किए उन्हें जगन्नाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चंद्रमोहन की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग लगातार बढ़ते मानव-हाथी संघर्ष को लेकर चिंता जता रहे हैं।
इधर, हाथियों के झुंड ने कई गांवों में घरों को भी नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों का कहना है कि कच्चे मकानों की दीवारें तोड़ दी गईं और घरों में रखा अनाज व अन्य सामान भी बर्बाद हो गया। रातभर लोग अपनी जान बचाने के लिए घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने को मजबूर रहे।
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हादसे की सूचना देने के लिए चाईबासा रेंज कार्यालय, नोवामुंडी फॉरेस्टर और स्थानीय वनकर्मियों को कई बार फोन किया गया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी और बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को तत्काल सरकारी मुआवजा, प्रभावित परिवारों को राहत तथा हाथियों के आतंक से बचाव के लिए स्थायी और प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने एक बार फिर मानव और वन्यजीव संघर्ष की गंभीर चुनौती को सामने ला दिया है।
http://सारंडा में हाथी का हमला: सीआरपीएफ कैंप के मुंशी गंभीर घायल, समय पर रेस्क्यू से बची जान








