Jamshedpur Police Three Arrested Extortion case : निर्माणाधीन भवन में काम बंद कराने और रंगदारी मांगने का आरोप, तीन गिरफ्तार; मोबाइल बरामद

क्षेत्र में निर्माणाधीन भवन में काम रुकवाकर रंगदारी मांगने और धमकी देने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार

Jamshedpur (जमशेदपुर) : पूर्वी सिंहभूम जिले के ओलिडीह ओपी क्षेत्र में निर्माणाधीन भवन में काम बंद कराने, रंगदारी मांगने और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में कथित रूप से इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन को भी बरामद कर जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को शंकोसाई रोड नंबर-05 में बन रहे एक निर्माणाधीन भवन में कुछ युवकों द्वारा काम रुकवाने और रंगदारी की मांग किए जाने की सूचना मिली थी। रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई। शिकायत मिलने के बाद ओलिडीह ओपी पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

तीन आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा

अनुसंधान के दौरान पुलिस ने घटना में संलिप्त बताए जा रहे तीन युवकों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में—

1. गौरव कुमार राज उर्फ राजा सिंह, पिता- राजीव लोचन सिंह, निवासी परमानंद नगर, शंकोसाई रोड नंबर-04, थाना ओलिडीह।

2. पवन कुमार उर्फ गोलू, पिता- रंजीत सिंह, निवासी खड़िया बस्ती, शंकोसाई रोड नंबर-04, थाना ओलिडीह।

3. विशाल सिंह, पिता- सतेन्द्र सिंह, निवासी शंकोसाई रोड नंबर-05, जीपी स्कूल, निर्मल नगर, थाना एमजीएम, पूर्वी सिंहभूम।

 

रंगदारी मांगने में इस्तेमाल मोबाइल जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान घटना में इस्तेमाल किए गए ओप्पो कंपनी के मोबाइल फोन को भी बरामद किया है। पुलिस अब जब्त मोबाइल और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की अन्य कड़ियों की जांच कर रही है।

पुलिस टीम ने की कार्रवाई

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित टीम में पटमदा के पुलिस उपाधीक्षक, ओलिडीह ओपी प्रभारी पीएसआई मोहम्मद शारिक अली, पीएसआई रविंद्र पांडेय, पीएसआई विवेक पाल, ओलिडीह ओपी की डैंगो-05 टीम और रिजर्व गार्ड शामिल थे।

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे का अनुसंधान जारी है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *